आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती ताकत के साथ इसके गलत इस्तेमाल की आशंकाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। AI कंपनी Anthropic को चिंता है कि उसकी AI तकनीक का उपयोग भविष्य में बम बनाने, जैविक हथियार तैयार करने, साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी जैसे खतरनाक कामों के लिए किया जा सकता है। इसी खतरे को देखते हुए कंपनी ने सुरक्षा विशेषज्ञों की बड़े पैमाने पर भर्ती शुरू की है।
32 नए सुरक्षा पदों पर होगी भर्ती
एक रिपोर्ट के मुताबिक, Anthropic ने AI के दुरुपयोग को रोकने के लिए 32 नई सुरक्षा-केंद्रित नौकरियां निकाली हैं। इन पदों पर ऐसे विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी जो रासायनिक और विस्फोटक पदार्थों, रेडियोलॉजिकल और परमाणु खतरों, जैविक जोखिमों, साइबर अपराध और वित्तीय घोटालों से जुड़े मामलों की निगरानी कर सकें।
किन पदों के लिए मांगे जा रहे हैं विशेषज्ञ?
कंपनी जिन प्रमुख पदों पर भर्ती कर रही है, उनमें शामिल हैं:
- Enforcement Analyst (Radiological & Nuclear Harms)
- Technical CBRN-E Threat Investigator
- Cybercrime Investigator
- Financial Scams Investigator
- Chemical और Explosive Threat Specialists
सालाना 2 करोड़ रुपये से ज्यादा तक की सैलरी
इन पदों के लिए Anthropic आकर्षक वेतन भी दे रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी 2 लाख डॉलर से लेकर करीब 3 लाख डॉलर (भारतीय मुद्रा में 2 करोड़ रुपये से अधिक) तक का सालाना पैकेज ऑफर कर रही है। कंपनी का कहना है कि इन भूमिकाओं में केवल कोडिंग की जानकारी पर्याप्त नहीं होगी। उम्मीदवारों को यह भी समझना होगा कि अपराधी AI का गलत इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं और सुरक्षा सिस्टम को कैसे चकमा देने की कोशिश कर सकते हैं।
OpenAI भी कर रही है ऐसी भर्ती
AI सुरक्षा को लेकर केवल Anthropic ही नहीं, बल्कि OpenAI भी इसी दिशा में काम कर रही है। कंपनी जैविक और रासायनिक जोखिमों पर रिसर्च करने वाले विशेषज्ञों की भर्ती कर रही है। इन पदों के लिए भी लाखों डॉलर की सैलरी ऑफर की जा रही है।
AI के खतरे को लेकर CEO ने जताई चिंता
Anthropic के CEO डारियो अमोडेई (Dario Amodei) लगातार AI के संभावित खतरों को लेकर चेतावनी देते रहे हैं। उन्होंने अपनी 38 पन्नों की एक रिपोर्ट "Machines of Loving Grace" में कहा है कि दुनिया ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है, जहां AI इंसानों को "लगभग असीमित शक्ति" दे सकता है, लेकिन समाज और सरकारें शायद इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। उनका मानना है कि आने वाले एक-दो वर्षों में AI सिस्टम कई क्षेत्रों में नोबेल पुरस्कार स्तर की क्षमता हासिल कर सकते हैं और बड़ी संख्या में स्वायत्त रूप से काम कर पाएंगे।
लाखों नौकरियों पर भी मंडरा सकता है खतरा
डारियो अमोडेई ने यह भी चेतावनी दी है कि अगले 1 से 5 वर्षों के भीतर AI की वजह से एंट्री-लेवल व्हाइट-कॉलर नौकरियों का लगभग 50 प्रतिशत प्रभावित हो सकता है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसे AI सिस्टम विकसित हो सकते हैं, जिनकी क्षमता कई मामलों में इंसानों से भी अधिक हो।
