Vande Bharat Sleeper: भारतीय रेलवे के स्लीपर वंदे भारत नेटवर्क का विस्तार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पंजाब के बीच चलने वाली नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई ट्रेन का नाम 'संत रविदास एक्सप्रेस' रखा गया है। इस प्रीमियम स्लीपर ट्रेन की शुरुआत से पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच रातभर की रेल कनेक्टिविटी बेहद आरामदायक और तेज हो जाएगी। इसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नए सिरे से री-डेवलप किए गए जालंधर रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे।
हफ्ते में 3 दिन चलेगी 'संत रविदास एक्सप्रेस'
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यह स्लीपर वंदे भारत ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में तीन-तीन बार संचालित की जाएगी। इसका प्राइमरी मेंटेनेंस पंजाब के छेहरटा स्टेशन पर होगा।
ट्रेन नंबर 14624 (छेहरटा से वाराणसी): यह ट्रेन हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को छेहरटा से दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी। अमृतसर में दोपहर 2:25 बजे 5 मिनट के ठहराव के बाद, यह अगले दिन सुबह 7:30 बजे लखनऊ और दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 14623 (वाराणसी से छेहरटा): वापसी में यह ट्रेन हर गुरुवार, शनिवार और सोमवार को वाराणसी से शाम 7:05 बजे खुलेगी। रात 12:10 बजे लखनऊ होते हुए, अगले दिन शाम 4:35 बजे अमृतसर और शाम 5:10 बजे छेहरटा पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
लंबी दूरी के सफर को आसान बनाने के लिए डिजाइन की गई यह स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक और धार्मिक शहरों को आपस में जोड़ेगी।
यात्रा के दौरान यह ट्रेन जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर स्टेशनों पर रुकेगी। रेल मंत्रालय का मानना है कि इस सेवा के शुरू होने से न केवल व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को भी एक आधुनिक और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।
