Best Engineering College of UP: उत्तर प्रदेश के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेज की बात होती है तो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी कानपुर का नाम टॉप पर आता है। इंजीनियरिंग करने का सपना देखने वाला हर छात्र यहां एडमिशन लेना चाहता है क्योंकि इसकी गिनती एप्पल जैसी कंपनियों में प्लेसमेंट देने के लिए होती है। आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र सागर केवी को एप्पल में नौकरी मिली है।
बता दें कि उन्हें बहुराष्ट्रीय कंपनी एप्पल ने साफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी दी है। पिता विजय कुमार बिजनेसमैन व मां भव्याश्री गृहणी हैं, बहन अक्षया अभी पढ़ाई कर रही है। 10 सीपीआइ (उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन) कर प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल पाने वाले आंध्रप्रदेश के सागर केवी ने बताया कि वह अपने परिवार के पहले आइआइटियन व गोल्ड मेडलिस्ट हैं।
प्लेसमेंट में आईआईटी कानपुर का जलवा
इस बार IIT कानपुर की प्लेसमेंट रिपोर्ट ने चौंका दिया है। प्लेसमेंट के आंकड़ों में कंप्यूटर साइंस नहीं बल्कि नाॅन टेक डिपार्टमेंट ने 100% प्लेसमेंट का रिकॉर्ड बनाया और नौकरी के देने के मामले में सबसे आगे निकला। इस बार कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव में सैकड़ों बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया और अलग-अलग ब्रांच के बहुत सारे छात्रों को नौकरी के ऑफर दिए। IIT कानपुर की एनुअल रिपोर्ट के अनुसार, 2024-25 प्लेसमेंट सीजन में प्लेसमेंट के लिए रजिस्टर करने वाले लगभग 80 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिली।
आईआईटी कानपुर में कैसे मिलता है एडमिशन
आईआईटी कानपुर में एडमिशन पाठ्यक्रम के आधार पर प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से होता है। बीटेक के लिए जेईई एडवांस्ड और एमटेक के लिए गेट (GATE) स्कोर अनिवार्य है। बीटेक में एडमिशन के लिए JEE एडवांस्ड स्कोर और JoSAA काउंसलिंग से होता है। इसके अलावा, ओलंपियाड चैनल के जरिए बिना प्रवेश परीक्षा भी बीटेक में दाखिला लिया जा सकता है। एमएससी (MSc) कोर्स में प्रवेश IIT JAM परीक्षा के माध्यम से दिया जाता है।
