Jaipur School Closed: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी समेत दो लोगों की हत्या के बाद से आज राजस्थान में तनाव का माहौल है। मंगलवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी की घर में घुसकर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद प्रदेश भर में सर्व समाज समेत अन्य कई समाज के प्रतिनिधियों ने पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया है। इस आह्वान का असर दिखना शुरू हो गया है। बंद के असर के चलते प्रदेश भर के अधिकतर जिलों में स्कूल कॉलेज बंद हैं।
राज्य के डीजीपी उमेश मिश्रा ने प्रदेश भर में जनता से शांति की अपील की है। साथ ही प्रदेश भर में पुलिस की तमाम एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। बंद का ऐलान मंगलवार को ही कर दिया गया था, जिसके चलते स्कूली छात्रों के परिजनों को बंद का मैसेज देर रात से ही भेज दिया गया था। बंद के चलते स्कूलों में शिक्षकों तक को नहीं बुलाया गया है। जिन स्कूलों ने बंद का मैसेज छात्रों को नहीं भेजा, वहां भी परिजनों ने एहतियात के चलते बच्चों को स्कूल नहीं भेजा है। स्कूली छात्रों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए स्कूल शिक्षा परिवार ने भी बुधवार को बंद के समर्थन में स्कूल बंद रखने की अपील की है।
राजस्थान बंद के ऐलान के बाद जयपुर व्यापार मंडल ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान को बंद रखने का भी निर्णय लिया है। राजपूत सभा के अध्यक्ष रामसिंह चंदलाई ने बताया कि राजपूत समाज के नेताओं ने मिलकर राजस्थान बंद की घोषणा की है।
