एजुकेशन

Independence Day Speech: स्वतंत्रता दिवस पर 5 मिनट का बेहतरीन भाषण कैसे दें, जानें आसान तरीका

Independence Day Speech for School Students: स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में भाषण देना किसी भी छात्र के लिए खास मौका होता है। अच्छा भाषण देने के लिए कठिन शब्दों या बहुत लंबी स्पीच की जरूरत नहीं होती। बस बात साफ हो, आवाज में आत्मविश्वास हो और दिल से बोलें।

Image

स्वतंत्रता दिवस पर भाषण (Image - ChatGPT)

Independence Day Speech in Hindi: स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में भाषण देना किसी भी छात्र के लिए खास मौका होता है। 15 अगस्त को देशभर के स्कूलों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण जैसी गतिविधियां होती हैं। ऐसे में अगर आपको भी मंच पर बोलने का मौका मिला है तो घबराने की जरूरत नहीं है, यह एक अवसर है। अच्छा भाषण देने के लिए कठिन शब्दों या बहुत लंबी स्पीच की जरूरत नहीं होती। बस बात साफ हो, आवाज में आत्मविश्वास हो और दिल से बोलें।

भाषण की शुरुआत कैसे करें?

भाषण की शुरुआत सबसे महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि इसी से सामने बैठे लोगों का ध्यान आपकी तरफ जाता है। (Swatantrata Diwas par Bhashan) सबसे पहले प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अपने साथियों का अभिवादन करें। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने विषय की शुरुआत करें।

आप इस तरह बोल सकते हैं:

“आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय/महोदया, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज मुझे हमारे देश के इस खास दिन पर अपने विचार रखने का अवसर मिला है, इसके लिए मैं बहुत खुश हूं।”

इसके बाद बताएं कि 15 अगस्त हमारे लिए क्यों खास है। भारत को 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली थी। इस दिन को हम उन लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए मनाते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन लगा दिया।

भाषण में किन बातों का जिक्र करें?

भाषण को प्रभावशाली बनाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, आजादी के महत्व और देश की वर्तमान उपलब्धियों की बात कर सकते हैं। महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, सरदार भगत सिंह जैसे प्रमुख स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं का उल्लेख किया जा सकता है।

लेकिन केवल इतिहास बताकर भाषण खत्म न करें। यह भी बताएं कि आज के छात्रों की देश के प्रति क्या जिम्मेदारी है। ईमानदारी से पढ़ाई करना, पढ़ाई का महत्व, अनुशासन में रहना, पर्यावरण की रक्षा करना, दूसरों का सम्मान करना और देश की तरक्की में अपना योगदान देना भी राष्ट्र सेवा का हिस्सा है।

भाषण को रोचक कैसे बनाएं?

पूरे भाषण में एक ही अंदाज में बोलने से सुनने वालों की रुचि कम हो सकती है। इसलिए बीच-बीच में आवाज में उतार-चढ़ाव रखें। किसी महत्वपूर्ण बात पर थोड़ा रुककर बोलें और जरूरी शब्दों पर जोर दें।

आप भाषण की शुरुआत या अंत में देशभक्ति की कोई छोटी कविता या पंक्ति भी जोड़ सकते हैं। हालांकि ध्यान रखें कि कविता या शायरी बहुत लंबी न हो। भाषण का मुख्य संदेश साफ रहना चाहिए।

अंत में क्या बोलें?

अंत में आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करें और देश के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लें। इसके बाद धन्यवाद देते हुए जोशीले अंदाज में “जय हिंद” या दूसरे जोशीले शब्द कहकर भाषण समाप्त कर सकते हैं।

याद रखें, एक अच्छा स्वतंत्रता दिवस भाषण वह नहीं है जिसमें बहुत कठिन शब्द हों। असली असर तब होता है जब आपकी बात सरल हो, आवाज में आत्मविश्वास हो और देश के प्रति सम्मान आपके शब्दों में साफ दिखाई दे।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article