एजुकेशन

बिना JEE स्कोर के IIT कानपुर में पढ़ने का मौका, साइबर सिक्योरिटी का नया कोर्स हुआ लान्च

देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल IIT Kanpur ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञ तैयार करने के लिए नया स्नातक कार्यक्रम ‘बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी (B Cyber)’ शुरू करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रवेश के लिए JEE Advanced स्कोर अनिवार्य नहीं होगा।

Image

IIT कानपुर में शुरू होगा साइबर सुरक्षा का कोर्स

IIT Kanpur launches Bachelor of Cybersecurity degree, no JEE Advanced score required: देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल IIT Kanpur ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञ तैयार करने के लिए नया स्नातक कार्यक्रम ‘बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी (B Cyber)’ शुरू करने की घोषणा की है। यह कोर्स शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा और इसे IIT सिस्टम का पहला समर्पित अंडरग्रेजुएट साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम बताया जा रहा है।

संस्थान के अनुसार, इस चार वर्षीय कार्यक्रम में कुल 60 सीटें होंगी। पहले दो वर्षों में छात्रों को साइबर सिक्योरिटी से जुड़े सैद्धांतिक और प्रयोगात्मक विषय पढ़ाए जाएंगे। इसके बाद अगले दो वर्षों में विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी सुरक्षा संगठनों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा, जहां वे वास्तविक साइबर सुरक्षा चुनौतियों पर काम करेंगे।

यह कार्यक्रम IIT कानपुर के वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के तहत संचालित किया जाएगा। संस्थान का मानना है कि तेजी से बढ़ते डिजिटल इकोसिस्टम और साइबर खतरों के बीच देश को प्रशिक्षित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से इस कोर्स को डिजाइन किया गया है।

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रवेश के लिए JEE Advanced स्कोर अनिवार्य नहीं होगा। उम्मीदवारों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग JEE Main के अंकों के आधार पर की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों के साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में किए गए कार्य, प्रोजेक्ट्स और पोर्टफोलियो का मूल्यांकन किया जाएगा। शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों को IIT कानपुर परिसर में आयोजित विशेष हैकाथॉन और मूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लेना होगा।

बता दें कि यह पहल उन छात्रों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकती है जो एथिकल हैकिंग, डिजिटल फोरेंसिक, नेटवर्क सुरक्षा और साइबर डिफेंस जैसे क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं। IIT कानपुर की ओर से जल्द ही इस नए कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article