एजुकेशन

IIM Ahmedabad: आईआईएम अहमदाबाद ने बदली एमबीए एडमिशन पॉलिसी, CAT स्कोर को मिला ज्यादा महत्व

देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल IIM अहमदाबाद ने एमबीए यानी PGP के 2027-29 बैच के लिए एडमिशन पॉलिसी में बदलाव किया है। आईआईएम अहमदाबाद के मुताबिक, उम्मीदवारों को CAT, शैक्षणिक प्रदर्शन, AWT और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

Image

आईआईएम अहमदाबाद

देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल IIM अहमदाबाद ने MBA यानी PGP के 2027-29 बैच के लिए एडमिशन पॉलिसी में बदलाव किया है। नए नियमों में CAT 2026 के प्रदर्शन को पहले की तुलना में ज्यादा महत्व दिया गया है। ऐसे में IIM अहमदाबाद में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए CAT में बेहतर स्कोर करना और भी महत्वपूर्ण हो गया है। IIM अहमदाबाद के मुताबिक, उम्मीदवारों को CAT, शैक्षणिक प्रदर्शन, AWT और इंटरव्यू के आधार पर चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। 2027-29 बैच के लिए AWT-PI शॉर्टलिस्ट जनवरी 2027 में जारी होने की संभावना है।

नई पॉलिसी के मुताबिक, AWT यानी एनालिटिकल राइटिंग टेस्ट और पर्सनल इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग में CAT 2026 के परसेंटाइल को 65 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा, जबकि एप्लीकेशन रेटिंंग यानी अकादमिक प्रोफाइल का योगदान 35 प्रतिशत रहेगा। संस्थान ने इस बदलाव के तहत पहले इस्तेमाल किए जाने वाले सामान्यीकृत CAT स्कोर की जगह सामान्यीकृत CAT परसेंटाइल को शामिल किया है।

फाइनल एडमिशन के लिए भी वेटेज में बदलाव किया गया है। अंतिम कंपोजिट में पर्सनल इंटरव्यू को 50 प्रतिशत, AWT को 10 प्रतिशत और कैट आधारित नार्मलाइज्ड कंपोजिट स्कोर को 40 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। यानी CAT के साथ-साथ इंटरव्यू भी एडमिशन में बेहद अहम भूमिका निभाएगा।

IIM अहमदाबाद में कैट 2026 के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग कटऑफ भी तय है। जनरल और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए ओवरऑल कटऑफ 95 परसेंटाइल है, जबकि प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 85 परसेंटाइल जरूरी है। NC-OBC उम्मीदवारों के लिए ओवरऑल कटऑफ 90, SC के लिए 85 और ST उम्मीदवारों के लिए 75 परसेंटाइल है। PwD उम्मीदवारों के लिए अलग कटऑफ निर्धारित किए गए हैं।

हालांकि केवल न्यूनतम कैट कटऑफ हासिल कर लेने से एडमिशन या इंटरव्यू कॉल की गारंटी नहीं होगी। शॉर्टलिस्टिंग में उम्मीदवार की कक्षा 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन की पढ़ाई, वर्क एक्सपीरियंस और जेंडर डाइवर्सिटी जैसे पहलुओं को भी देखा जाएगा। गैर-पुरुष उम्मीदवारों को जेंडर डाइवर्सिटी के तहत अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article