IAS Uma Harathi N Success story in Hindi:कहते हैं ना कि बच्चों की परवरिश में परिवार का सबसे अधिक योगदान होता है। यही परवरिश है जो बच्चों के करियर में नजर आती है। बचपन से घर में जैसा माहौल मिलता है, बच्चे वैसे ही रास्ते पर चलने लगते हैं। तेलंगाना के नालगोंडा जिले की रहने वाली उमा हरथि एन ने बचपन से पिता को पुलिस की वर्दी पहने देखा तो उसके मन में भी अफसर बनने का सपना पलने लगा। यह सपना इसी साल 2023 में पूरा भी हुआ जब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट किया।
UPSC CSE 2022 Result
कुछ समय पहले ही संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट जारी किया है। इस बार टॉप 10 में लड़कियों का दबदबा देखने को मिला है। संघ लोक सेवा आयोग ने परिणाम जारी करते हुआ कुल 933 उम्मीदवारों को नियुक्ति हेतु अनुशंसा की। इस बार दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कार्मस से इकनॉमिक्स की छात्रा इशिता किशोर ने टॉप किया है।
तीसरा स्थान पाकर रचा इतिहास
वहीं सिविल सेवा परीक्षा 2022 में उमा हरथि एन ने तीसरा स्थान (3rd rank in UPSC) हासिल किया है। उमा तेलंगाना के नालगोंडा जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने आईआईटी-हैदराबाद से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है। उमा ने अपने पांचवें प्रयास में परीक्षा पास की है। उन्होंने कहा है, " मेरी सफलता में 100 फीसदी मेरे पिता का हाथ है।"
पिता हैं पुलिस अधीक्षक
उमा के पिता एन. वेंकटेश्वरलू नारायणपेट के पुलिस अधीक्षक हैं। पिता जिले के पुलिस कप्तान हैं और बेटी कलेक्टर बनेगी। सिविल सेवा परीक्षा 2022 के लिए 933 सफल उम्मीदवारों में से 613 पुरुषों और 320 महिलाओं ने क्वालीफाई किया है। वहीं, शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 14 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं।
