एजुकेशन

HSSC Annual Recruitment Calendar 2026: CM नायब सिंह सैनी ने की घोषणा, जारी होने वाला है वार्षिक भर्ती कैलेंडर

HSSC Annual Recruitment Calendar 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) का वार्षिक भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द जारी किया जाएगा।

Image

HSSC Annual Recruitment Calendar 2026 (image - टाइम्स नाउ नवभारत)

HSSC Annual Recruitment Calendar 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं के सुझावों को गंभीरता से सुन रही है और भर्ती प्रक्रिया को पहले से ज्यादा साफ, आसान और समय पर पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। इसी के तहत हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) का वार्षिक भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि भर्ती कैलेंडर जारी होने के बाद युवाओं को पहले से ही यह पता चल जाएगा कि सालभर में किस भर्ती का आवेदन कब शुरू होगा, परीक्षा कब होगी, रिजल्ट कब आएगा और नियुक्ति की प्रक्रिया कब तक पूरी हो सकती है। इससे उम्मीदवार अपनी तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री सोनीपत में आयोजित "छात्र संवाद मुख्यमंत्री के साथ" कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब दिए और उनके सुझाव भी सुने।

HSSC भर्ती कैलेंडर पर क्या बोले मुख्यमंत्री?

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) का भर्ती कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। अब HSSC का कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कुछ भर्तियां कर्मचारियों के रिटायर होने के बाद निकलती हैं। इसलिए सभी बातों को ध्यान में रखते हुए कैलेंडर तैयार किया जा रहा है, ताकि युवाओं को पहले से पूरी जानकारी मिल सके।

CET को लेकर भी की चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि CET लागू करने का मकसद यह है कि युवाओं को हर भर्ती के लिए बार-बार प्रारंभिक परीक्षा न देनी पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षा के दौरान परिवहन, सुरक्षा और दूसरी सुविधाओं में भी सुधार किया है। साथ ही CET की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी काम किया जा रहा है।

कोचिंग जाने वाले छात्रों के लिए बस पास पर होगा विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की जरूरतों को समझती है। जो विद्यार्थी रोज कोचिंग के लिए सफर करते हैं, उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सुझाव पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मदद मिल सकती है।

कोचिंग फीस पर GST का मुद्दा

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय पहले से ही GST के दायरे से बाहर हैं, लेकिन कोचिंग संस्थानों पर GST लगाने या हटाने का फैसला GST परिषद लेती है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं GST परिषद के सदस्य हैं और छात्रों के इस सुझाव को परिषद की बैठक में जरूर रखेंगे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article