Delhi College Bus Service: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की छात्राओं के रोजाना के सफर को अधिक सेफ, आसान और सुगम बनाने के लिए 'यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल' बस सेवा की शुरुआत की गई है। बता दें कि इस बस सेवा को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाई गई थी। यूनिवर्सिटी स्पेशल बस सेवा की शुरुआत होने से अब मेट्रो स्टेशन से कॉलेज जाने के लिए छात्राओं को ट्रांसपोर्ट के लिए परेशान होना नहीं पड़ेगा। इतना ही नहीं, रेखा सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में अन्य कॉलेजों को भी इस सेवा के साथ जोड़ा जा सकता है। आइए जानते हैं कि साउथ दिल्ली के किस कॉलेज की छात्राओं को इस सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही बस सेवा का समय और रूट क्या तय किया गया है।
किन दो कॉलेजों के लिए चलेंगी बसें?
यह नई सेवा मुख्य रूप से साउथ दिल्ली के पास स्थित दो प्रमुख महिला कॉलेजों—गार्गी कॉलेज (Gargi College) और कमला नेहरू कॉलेज (Kamala Nehru College) के आसपास के क्षेत्र को प्रमुख मेट्रो स्टेशनों से जोड़ेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Atal Residential Schools में दाखिले शुरू, देखें डॉक्यूमेंट्स
क्या होगा इस बस सेवा का रूट
पहले रूट के अनुसार, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन को गार्गी कॉलेज क्षेत्र से जोड़ा गया है। वहीं दूसरा रूट में ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन को कमला नेहरू कॉलेज क्षेत्र से जोड़ा गया है। इन रूटों के शुरू होने से मेट्रो से उतरकर कॉलेज पहुंचने वाली छात्राओं को सीधा और भरोसेमंद विकल्प मिला है। अब उन्हें मेट्रो स्टेशन पर अन्य संसाधनों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
क्या है बसों की टाइमिंग?
छात्राओं की कक्षाओं और कॉलेज छूटने के समय को ध्यान में रखते हुए बसों को मुख्य रूप से दो समय पर चलाया जाएगा। इसमें एक सुबह के दौरान होगा और दूसरा समय दोपहर से शाम के बीच का होगा, जब क्लासेज खत्म कर छात्राएं कॉलेज से घर जाने के लिए निकलेंगी।
| सुबह की टाइमिंग | सुबह 8:00 बजे से 10:30 बजे के बीच | संबंधित मेट्रो स्टेशनों से कॉलेजों की दिशा में |
| दोपहर की टाइमिंग | दोपहर 3:00 बजे से 5:30 बजे के बीच | कॉलेज क्षेत्र से वापस मेट्रो स्टेशनों की दिशा में |
नोट - बता दें कि ऊपर दिए गए समय के दौरान बसें प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
आगे और कॉलेज जुड़ने की उम्मीद
कमला नेहरू कॉलेज के कॉलेज डे कार्यक्रम के दौरान नए शैक्षणिक ब्लॉक 'वंदे मातरम एकेडमिक ब्लॉक' के उद्घाटन के साथ इन बस सेवाओं की शुरुआत की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार, आने वाले समय में नए रूट बनाए जाएंगे और चरणबद्ध तरीके से अन्य कॉलेजों को भी यूनिवर्सिटी स्पेशल बस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि छात्राएं सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UGC NET 2026 Exam City Slip कब होगी जारी
समय का ध्यान रखते हुए पहुंचे बोर्डिंग पॉइंट
चूंकि बसें हर आधे घंटे के अंतराल पर चलेंगी, इसलिए छात्राओं को सलाह है कि वह सुबह क्लास के लिए जाने या दोपहर में कॉलेज से निकलने से पहले निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखकर निकलें ताकि उन्हें अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही समय से कुछ मिनट पहले ही बोर्डिंग पॉइंट पर पहुंचे ताकि बस छूटने पर उन्हें अगली बस के लिए 30 मिनट का इंतजार न करना पड़े।
