GATE and JAM 2025 Exam Centres Shifted from Prayagraj to Lucknow: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की और IIT दिल्ली ने प्रयागराज में ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2025 और जॉइंट एडमिशन टेस्ट फॉर मास्टर्स (JAM) 2025 के लिए परीक्षा केंद्रों में बदलाव की घोषणा की है। जाहिर है महाकुंभ 144 वर्षों बाद लगा है, ऐसे में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज आ रहे हैं। हर दिन संगम में करोड़ो लोग डुबकी लगा रहे हैं, जिससे उम्मीदवारों के सामने यात्रा करना मुश्किल भरा हो सकता है।
लखनऊ में होगी प्रयागराज की परीक्षा
आधिकारिक सूचना के अनुसार, GATE 2025 के उम्मीदवार जो मूल रूप से 1 और 2 फरवरी, 2025 को प्रयागराज में उपस्थित होने वाले थे न्हें अब राजधानी लखनऊ में परीक्षा देने का मौका मिलेगा। इसी तरह, JAM 2025 के उम्मीदवार जो 2 फरवरी, 2025 को प्रयागराज में उपस्थित होने वाले थे, वे भी नवाबों की नगरी में अपनी परीक्षा दे सकेंगे।
नोटिस
नोटिस में कहा गया है, "1 और 2 फरवरी, 2025 को महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद के संबंध में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अपनी कठिनाई व्यक्त करने वाले कई उम्मीदवारों से प्राप्त अभ्यावेदन के आधार पर, प्रयागराज के केंद्रों पर निर्धारित परीक्षाओं को संबंधित GATE और JAM परीक्षा के दिनों (क्रमशः GATE के लिए 1 और 2 फरवरी 2025 और JAM के लिए 2 फरवरी 2025) पर लखनऊ के केंद्रों में स्थानांतरित कर दिया गया है।"
सारी परीक्षाएं लखनऊ में
GATE 2025 के लिए, प्रयागराज से लखनऊ में कुल पांच परीक्षा केंद्र स्थानांतरित किए गए हैं। JAM 2025 के लिए, चार परीक्षा केंद्रों को लखनऊ में स्थानांतरित कर दिया गया है। जिन उम्मीदवारों के परीक्षा केंद्र बदल गए हैं, वे अब आधिकारिक वेबसाइटों से नए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
