एजुकेशन

Delhi Private University Bill 2026: दिल्ली प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल को मिली मंजूरी, स्थानीय छात्रों को मिलेगा 25% आरक्षण और स्कॉलरशिप

Delhi Private University Bill 2026: दिल्ली कैबिनेट ने दिल्ली प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल 2026 के ड्राफ्ट को मंजूरी देते हुए राजधानी के छात्रों को बड़ी राहत दी है। इसका मुख्य उद्देश्य प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की स्थापना से लेकर उनके संचालन के कानूनी ढांचे को मजबूत करना है।

Image

Delhi Private University Bill 2026 (Photo - AI)

Delhi Private University Bill 2026: दिल्ली के स्थानीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक राहत भरी खबर आई है। दिल्ली कैबिनेट ने 'दिल्ली प्राइवेट यूनिवर्सिटी बिल 2026' के ड्राफ्ट को अपनी मंजूरी दे दी है। इस बिल का मुख्य उद्देश्य राजधानी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की स्थापना से लेकर उनके संचालन के लिए पहली बार एक मजबूत कानूनी ढांचा तैयार करना और सरकार की सीधी निगरानी सुनिश्चित करना है। यदि यह बिल दिल्ली विधानसभा की विधायी प्रक्रिया से पारित होकर कानून बनता है, तो इससे दिल्ली के प्राइवेट कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों के पूरे सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं इस बिल के लागू होने पर क्या-क्या प्रमुख बदलाव होंगे।

दिल्ली के स्थानीय छात्रों को मिलेगा 25% आरक्षण

कैबिनेट से मंजूर हुए इस प्रस्तावित विधेयक में सबसे प्रमुख प्रावधान दिल्ली के मूल निवासी छात्रों के लिए रखा गया है। कानून बनने के बाद दिल्ली की प्रत्येक प्राइवेट यूनिवर्सिटी को अपने हर शैक्षणिक कोर्स में 25 प्रतिशत सीटें दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित (Reserve) रखनी होगी। इन आरक्षित सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया दिल्ली सरकार की वर्तमान आरक्षण नीति के मानकों के आधार पर संचालित की जाएगी। बता दें कि इस नीति का मुख्य लक्ष्य दिल्ली के युवाओं को अपने ही शहर में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों या विदेश का रुख न करना पड़े।

फीस में मिलेगी भारी छूट और स्कॉलरशिप

प्राइवेट कॉलेजों की महंगी फीस होने के कारण कई बार छात्र चाहकर भी उन में पढ़ाई करने का बारे में सोच नहीं पाते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्रों को बचाने के लिए बिल में स्कॉलरशिप का विशेष प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत कुल 25% स्थानीय छात्रों को फीस में सीधी राहत का लाभ मिलेगा।

5 प्रतिशत छात्रों को100% यानी पूरी फीस माफ की जाएगी।
10 प्रतिशत छात्रों कोफीस में 50% की छूट दी जाएगी।
10 प्रतिशत छात्रों कोफीस में 25% की छूट प्राप्त होगी।

UGC, NEP और यूनिटरी मॉडल के कड़े मानक

इस बिल के जरिए प्राइवेट विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने का प्रयास किया गया है, जिसमें संस्थानों के नियम, शिक्षकों की नियुक्ति, यूनिटरी मॉडल आदि सब शामिल किए गए हैं।

नियामक संस्थाओं के नियम: सभी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज के लिए यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।

शिक्षकों की नियुक्ति: फैकल्टी और अन्य एकेडमिक स्टाफ की भर्ती UGC द्वारा तय किए गए मानदंडों के अनुसार ही की जाएगी।

यूनिटरी मॉडल: प्राइवेट यूनिवर्सिटीज केवल अपने मुख्य कैंपस से ही चलेंगी। उन्हें किसी भी बाहरी कॉलेज को संबद्धता (Affiliation) देने का अधिकार नहीं होगा।

भूमि संबंधी शर्तें एवं बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर

प्रस्तावित कानून के तहत कोई भी संस्था दिल्ली में प्राइवेट यूनिवर्सिटी तभी स्थापित कर सकेगी, जब उसके पास आवश्यक भूमि का कम से कम 30 वर्षों का मालिकाना हक या लीज अधिकार होगा। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी प्रशासन को आधुनिक क्लासरूम, सुसज्जित लैबोरेटरी, समृद्ध लाइब्रेरी, डिजिटल संसाधन और छात्रों के हित में आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना अनिवार्य होगा।

सरकार की सीधी निगरानी

प्राइवेट संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने निगरानी तंत्र को काफी मजबूत किया है। नियम के अनुसार, दिल्ली के उच्च शिक्षा मंत्री प्रत्येक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के 'विजिटर' के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। विजिटर के पास किसी भी यूनिवर्सिटी से प्रशासनिक जानकारी मांगने, परिसर का निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर सख्त निर्देश जारी करने का पूरा अधिकार होगा। नियमों का उल्लंघन होने पर सरकार के पास संस्थान के प्रशासनिक, शैक्षणिक और फाइनेंशियल मामलों की जांच शुरू कराने की भी शक्ति होगी।

छात्रों का क्या होगा असर

इस कानून के बनने से दिल्ली के उन छात्रों को बहुत राहत मिलेगी जो प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में पढ़ाई करना चाहते हैं। उनके लिए सीटों का आरक्षण और फीस में छूट दोनों तरह की सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का मुख्य मकसद यही है कि दिल्ली के बच्चों को अपने ही शहर में अच्छी और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिले, जिससे उन्हें पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे राज्यों या विदेश न जाना पड़े।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article