शहर

Weather Update: माउंट आबू में पारा शून्य तक पहुंचा, UP-बिहार में घना कोहरा, जानें देशभर में कैसी है मौसम की चाल

Weather Update: इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजस्थान के माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। यूपी-बिहार में घने कोहरे से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं, जबकि मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना है।

Image

देशभर में आज मौसम का हाल

Weather Update: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। हालांकि, अब भी कई क्षेत्र हैं जहां ठंड ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंड का असर अब दिखने लगा है। राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन पारा 'शून्य' डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) के असर से रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे का असर आम जनजीवन पर देखने को मिल रहा है। बिहार के बेगूसराय और समस्तीपुर में सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रह गई।

मौसम के इस बदलाव का असर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश के 13 जिलों में आज यानी सोमवार 23 नवंबर को आंधी व बारिश की संभावना है। जबकि, पंजाब में अगले चार दिनों के दौरान रात के तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

माउंट आबू में पारा शून्य पर पहुंचा

राजस्थान में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। यहां के हिल स्टेशन माउंट आबू में कल यानी रविवार को लगातार दूसरे दिन पारा 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह गाड़ियों और पेड़-पौधों पर ओस की बूंदें जम गईं। सीकर, फतेहपुर, नागौर और उदयपुर सहित कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

MP-छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान और मौसमी सिस्टम के असर से मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। रविवार को राज्य के लगभग आधे हिस्से में बादल छाए रहे और पूर्वी जिलों में बारिश हुई। भोपाल में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री बढ़कर 14.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आज जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ के आसमान में भी बादलों के जमावड़े के चलते रात की ठंड कमजोर पड़ी है। अगले दो दिनों तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान साफ होने पर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट का भी अनुमान है।

यूपी-बिहार में घने कोहरे की दस्तक

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ सहित 24 जिलों में कल कोहरा देखने को मिला। बिहार में समस्तीपुर और बेगूसराय में आज सुबह विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई। राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे का अनुमान है। पटना और दरभंगा में वायु प्रदूषण भी बढ़ा है। बादलों के कारण धूप नहीं निकलने से बिहार में 24 घंटे के दौरान दिन के तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आई।

हरियाणा-पंजाब में बढ़ेगी ठंड

हरियाणा में नारनौल 9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। हिसार में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है।

उत्तराखंड में इस हफ्ते बारिश का नामो-निशान नहीं

उत्तराखंड में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां के मैदानी इलाकों में पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम सर्दी महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप निकलेगी। राजधानी देहरादून और पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के बादल और धुंध छा सकती है। इस बीच रुड़की में AQI 270 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article