Lucknow University Paper Out Controversy: उत्तर प्रेदश की राजधानी में स्थित लखनऊ यूनिवर्सिटी से गुरु शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां प्रोफेसर पर एक छात्रा के साथ फोन पर अत्यंत अमर्यादित व अश्लील बातचीत करने के साथ-साथ प्रश्नपत्र लीक करने का प्रलोभन देने का संगीन आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार प्रोफेसर ने छात्रा से फोन कॉल कर पूछा कि बच्चा, मम्मा ठीक हैं? इस पर छात्रा कहती है कि हां, ठीक हैं। इसके बाद प्रोफेसर उसे छुट्टी से जल्दी वापस आने को कहते हैं। बाद में फोन कटने पर वह ऑडियो में बोलती है- ये मुझे बुला रहे हैं। मुझे पेपर नहीं चाहिए। मुझे फिर से मोलेस्ट (उत्पीड़न) करना चाहते हैं।
ऐसे ही दो ऑडियो सामने आए हैं। दूसरे ऑडियो में प्रोफेसर कह रहे हैं- मैं तुम पर फिदा हूं, धोखा मत देना प्लीज। बता दें इस मामले को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ जांच शुरू करा दी गई है। साथ ही केस दर्ज करने के लिए पुलिस से भी शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को शुक्रवार रात हिरासत में भी ले लिया है।
जूलॉजी डिपार्टमेंट से है प्रोफेसर
बता दें आरोपी प्रोफेसर जूलॉजी डिपार्टमेंट से है। फोन कॉल पर उन्होंने छात्रा से दावा किया कि कोर या मेन सब्जेक्ट और इलेक्टिव दोनों पेपर लीक कर दिए हैं। दोनों ऑडियो में आरोपी प्रोफेसर छात्रा पर परीक्षा से पहले मिलने का लगातार दबाव बनाता है। हालांकि छात्रा लगातार मिलने से इनकार करती सुनाई दे रही है।
पहले ऑडियो में बातचीत के बाद छात्रा बोलती सुनाई दे रही है कि, तो यह आदमी मुझे बुला रहा है। मैं जाऊंगी नहीं। मुझे नहीं चाहिए पेपर। यह मुझे अपने ऑफिसर बुला रहा है, जिससे दोबारा मुझे मोलेस्ट (शोषण) कर सके।
मीडिया से बातचीत के दौरान विश्वविद्यालय के प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है इस संबंध में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
