Aadhaar Recruitment 2026: 12वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का शानदार मौका, डिजिटल इंडिया के तहत निकली भर्ती
- Authored by: कुसुम भट्ट
- Updated Feb 16, 2026, 06:25 AM IST
CSC Aadhaar Recruitment 2026 : आधार सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर की भर्ती 11 फरवरी 2026 से शुरू हो रही है और उम्मीदवार 10 मार्च 2026 तक अपना आवेदन दे सकते हैं। सिर्फ आधिकारिक पोर्टल से ही आवेदन स्वीकार किये जाएंगे।
csc aadhaar supervisor operator bharti 2026
CSC Aadhaar Supervisor Operator Bharti 2026 : देश में डिजिटल सेवाओं के बढ़ते दौर में युवाओं के लिए रोजगार का खास मौका सामने आया है। आधार सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के 252 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। Digital India के तहत ये भर्ती की जा रही है। इस भर्ती का मकसद घर-घर तक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करवाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के मौके देना है। इस भर्ती के लिए 12वीं पास से लेकर आईटीआई डिप्लोमा धारक भी अप्लाई कर सकते हैं।
कब शुरू हो रहे आवेदन ?
11 फरवरी 2026 से इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो रही है और उम्मीदवार 10 मार्च 2026 तक अपना आवेदन दे सकते हैं। सिर्फ आधिकारिक पोर्टल से ही आवेदन स्वीकार किये जाएंगे। ध्यान रहे कि ऑफलाइन फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा और फिर अपने जिले से संबंधित Aadhaar Supervisor Operator पद को चुनकर अप्लाई करना होगा।
इस भर्ती के तहत कुल 252 पदों को भरा जाना है। अलग-अलग जिलों में ये भर्ती की जाएगी। ताकि आधार सेवाओं को स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध करवाया जा सके। उम्मीदवार स्थानीय स्तर पर ही नामांकन, अपडेट और वेरिफिकेशन जैसे काम संभाल सकेंगे।
इस भर्ती की सबसे खास बात ये है कि इसके लिए शैक्षिक योग्यता को काफी कम रखा गया है। ऐसा इसलिये किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इस भर्ती का लाभ उठा सकें। इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास, मैट्रिक के बाद 2 साल का आईटीआई, मैट्रिक के बाद 3 साल का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा होना जरूरी है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार को कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान भी होना चाहिए। स्थानीय भाषा का आना भी जरूरी है क्योंकि भर्ती लोकल लेवल पर ही की जा रही है। जिस जिले के लिए आवेदन किया गया है, उस जिले के स्थानीय निवासियों को भर्ती के लिए प्राथमिकता मिल सकती है।
इस भर्ती के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 साल होनी चाहिए। अधिकतम आयु के बारे में नोटिफिकेशन में कुछ खास नहीं बताया गया है। ऐसे में ज्यादा उम्र के अभ्यर्थी भी इस भर्ती का लाभ उठा सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को संबंधित राज्य के सेमी स्किल्ड कैटेगरी के लिए तय न्यूनतम वेतन मिलेगा। सैलरी अलग-अलग राज्यों में वहां की सरकारी मजूदरी दर के हिसाब से तय होगी। इसके अलावा स्थानीय जरूरत, कार्य और अनुभव के हिसाब से अतिरिक्त लाभ भी दिया जा सकता है।
