एजुकेशन

CAT 2026: कितने समय के लिए वैलिड होता है कैट का स्कोर? जानें कब तक ले सकते हैं IIM में एडमिशन

CAT 2026: मैनेजमेंट कोर्स में प्रवेश के लिए होने वाली सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा कैट को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। लेकिन इस बीच उम्मीदवारों के मन में सवाल है कि कैट का स्कोर कितने सालों के लिए वैलिड होता है? आइए जानते हैं है विस्तार में -

Image

कितने समय के लिए वैलिड होता है कैट का स्कोर

CAT 2026: कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) देश की सबसे प्रतिष्ठित मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के 21 भारतीय प्रबंध संस्थानों (IIMs) सहित सैकड़ों टॉप बी-स्कूलों में एमबीए/पीजीडीएम (MBA/PGDM) कोर्स में प्रवेश मिलता है। हर साल लाखों उम्मीदवार मैनेजमेंट में अपना करियर बनाने की इच्छा और देश के टॉप बिजनेस स्कूल में प्रवेश प्राप्त करने के लिए इस परीक्षा में शामिल होते हैं। परीक्षा देने के बाद अधिकांश छात्रों के मन में स्कोरकार्ड की वैलिडिटी को लेकर कई तरह के सवाल होते हैं। छात्र अक्सर यह जानना चाहते हैं कि कैट का रिजल्ट कितने समय तक मान्य रहता है और क्या वे पुराने स्कोर के आधार पर अगले वर्ष में दाखिला ले सकते हैं।

CAT 2026 स्कोर की वैलिडिटी

कैट परीक्षा की वैलिडिटी को लेकर सोचना वाले उम्मीदवारों को बता दें कि इसका स्कोर केवल 1 वर्ष के लिए ही वैलिड होता है। नियम के अनुसार, यदि आप CAT 2026 की परीक्षा देते हैं, तो आपका स्कोरकार्ड केवल सत्र 2027-2029 के एमबीए प्रवेश चक्र के लिए ही मान्य रहेगा। बता दें कि रिजल्ट घोषित होने की तिथि से लेकर 31 दिसंबर 2027 तक यह स्कोरकार्ड आधिकारिक रूप से वैध माना जाता है। इसके बाद यह अमान्य हो जाएगा।

कब तक ले सकते हैं IIMs और B-Schools में एडमिशन?

कैट स्कोरकार्ड के आधार पर एडमिशन की प्रक्रिया रिजल्ट जारी होने के तुरंत बाद शुरू हो जाती है। नतीजे घोषित होने के बाद आईआईएम (IIMs) और अन्य नॉन-आईआईएम बी-स्कूल अपनी-अपनी कट-ऑफ जारी करते हैं। कैट 2026 में सफल अभ्यर्थी जनवरी से अप्रैल 2027 के बीच आयोजित होने वाले अगले चरणों में भाग लेते हैं और प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण मई-जून तक पूरा हो जाता है। जुलाई 2027 से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाता है।

क्या अगले वर्ष काम आएगा पुराना स्कोर?

अक्सर अभ्यर्थियों का सवाल होता है कि क्या वे CAT 2026 के स्कोर के आधार पर 2028 में एडमिशन ले सकते हैं? तो इसका सीधा उत्तर है—नहीं। यदि आप किसी कारणवश कैट 2026 के स्कोर पर 2027 के शैक्षणिक सत्र में प्रवेश नहीं ले पाते हैं या अपनी पसंदीदा सीट नहीं प्राप्त कर पाते हैं, तो अगले वर्ष यानी 2028 में एडमिशन पाने के लिए आपको एक बार फिर CAT की परीक्षा देनी होगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article