BTech Course Differences: कक्षा 12वीं के बाद कई छात्र इंजीनियरिंग का सपना देखते हुए अपने एक बेहतर कॉलेज और कोर्स की तलाश में है। BTech में प्रवेश के दौरान छात्रों के सामने सबसे बड़ी उलझन कोर्स सो लेकर ही होती है। क्योंकि इंजीनियरिंग (BTech Course) में अब केवल परंपरागत कोर्स जैसे मैकेनिकल, सिविल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ही नहीं है। बल्कि अब कई प्रकार के नए कोर्स आ गए हैं और उनकी डिमांड भी बहुत अधिक है। आज के समय में इंजीनियर हायर करने वाले कंपनियां ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में है जो 'ऑलराउंडर' हैं। क्योंकि इनके पास कई क्षेत्रों का तकनीकी ज्ञान होता है। बदलते इंजीनियरिंग के क्षेत्र में इस समय छात्र दो विषयों में सबसे अधिक कंफ्यूज हैं। और वह विषय हैं जनरल इंजीनियरिंग और इंजीनियरिंग साइंस। आइए आपको उन दोनों विषयों के बीच से अंतर के बारे में बताएं।
बीटेक इन जनरल इंजीनियरिंग क्या है?
जनरल इंजीनियरिंग एक ऐसा प्रोग्राम है जो छात्रों को किसी एक एक विशेषज्ञता में बांधने के बजाय इंजीनियरिंग के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराता है। इसमें छात्र मैकेनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन, प्रोग्रामिंग और थर्मोडायनामिक्स जैसे कई विषयों की बुनियादी और व्यावहारिक पढ़ाई करते हैं। जो उन्हें हर क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान प्रदान करता है। इस कोर्स का मुख्य उद्देश्य ऐसे इंजीनियर्स तैयार करना है जो जटिल और एकीकृत (Integrated) इंजीनियरिंग सिस्टम को समझ सकें और अलग-अलग तकनीकी विभागों के बीच एक सेतु का काम कर सकें।
बीटेक इन इंजीनियरिंग साइंस क्या है?
यह कोर्स उन छात्रों के लिए है जो इंजीनियरिंग के व्यावहारिक पक्ष के साथ-साथ उसके पीछे के वैज्ञानिक सिद्धांतों की गहराई में जाना चाहते हैं। इसमें गणितीय मॉडलिंग, उच्च भौतिकी (Physics) और कंप्यूटेशनल सिद्धांतों पर अधिक जोर दिया जाता है। यह कोर्स छात्रों को डेटा साइंस, नैनोटेक्नोलॉजी, और सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों के लिए तैयार करता है।
इन दोनों कोर्स में क्या है करियर और प्लेसमेंट की संभावना
जनरल इंजीनियरिंग कोर्स के बाद छात्र मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे बड़े क्षेत्रों में कदम रख सकते हैं। कंपनियां इन्हें अक्सर प्रोजेक्ट इंजीनियर, डिजाइन इंजीनियर या क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर के पदों पर नियुक्त करती हैं। इनकी सबसे बड़ी खूबी यह होती है कि ये किसी भी इंडस्ट्री के ढांचे में आसानी से फिट हो जाते हैं।
इंजीनियरिंग साइंस कोर्स में ग्रेजुएट की मांग हाई-टेक और रिसर्च सेक्टर में बहुत अधिक है। रिसर्च लैब, एआई (AI) फर्में, रक्षा संगठन और सेमीकंडक्टर कंपनियां इन्हें डेटा साइंटिस्ट, रिसर्च इंजीनियर या एल्गोरिथम डेवलपर के तौर पर चुनती हैं। जो छात्र भविष्य में उच्च शिक्षा या शोध (Research) के क्षेत्र में जाना चाहते हैं, उनके लिए यह सबसे बेहतरीन विकल्प है।
