Bihar Board Result 2025 Toppers Reward Money: बिहार बोर्ड रिजल्ट का इंतजार खत्म होने जा रहा है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा का रिजल्ट जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में जिन स्टूडेंट्स ने यह परीक्षा दी थी, वह बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com या results.biharboardonline.com पर रोल नंबर दर्ज करके अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे। इसके अलावा यहां भी बिहार बोर्ड रिजल्ट 2025 की डायरेक्ट लिंक उपलब्ध करवा दी जाएगी।
Bihar Board Topper Reward 2025: दोगुनी हुई राशि
इस साल बिहार बोर्ड टॉपर्स की पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी गई है। बिहार सरकार ने पिछले साल ही यह घोषणा कर दी थी कि 2025 में 10वीं व 12वीं टॉपर्स को दोगुनी राशि दी जाएगी। इस हिसाब से इस साल 10वीं व 12वीं के टॉपर्स को 1 लाख की जगह 2 लाख रुपये मिलेंगे। नकद पुरस्कार के साथ ही उन्हें लैपटॉप, सर्टिफिकेट और मेडल भी मिलेगा। दूसरे स्थान पर आने वाले छात्रों को 1.5 लाख रुपये पुरस्कार राशि मिलेगी, जो कि पिछले साल 75 हजार थी। वहीं, तीसरे स्थान पर आने वाले छात्रों को 1 लाख और चौथे स्थान पर आने वाले छात्रों को 30 हजार रुपये मिलेंगे।
Bihar Board 10th 12th Result 2025: कब तक आएगा रिजल्ट
इस साल बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा का आयोजन 1 फरवरी से 25 फरवरी तक किया गया था। वहीं, कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चली थी। बीएसईबी अध्यक्ष द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इंटरमीडिएट का रिजल्ट मार्च के आखिरी सप्ताह में जारी कर दिया जाएगा। वहीं, मैट्रिक का रिजल्ट अप्रैल के पहले सप्ताह में जारी किए जाने की संभावना है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक रिजल्ट की सटीक तारीख का ऐलान नहीं किया है।
BSEB Bihar Board Result 2025: पास होने के लिए चाहिए इतने नंबर
बिहार बोर्ड 10वीं 12वीं परीक्षा में पास होने के लिए स्टूडेंट्स को सभी विषयों में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। हालांकि, इससे कम नंबर मिलने पर कंपार्टमेंट एग्जाम देने का मौका मिलेगा। बता दें कि अपने रिजल्ट से असंतुष्ट स्टूडेंट्स स्क्रूटनी के लिए भी अप्लाई कर सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
