Bareilly School Closed: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सावन माह के दौरान छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है। 31 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सावन के सभी सोमवार को जिले के स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। यह फैसला कांवड़ यात्रा और सावन के सोमवार पर मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए लिया गया है।
किन संस्थानों पर लागू होगा आदेश?
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार यह अवकाश जिले के सभी प्रमुख शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। इनमें शामिल हैं
- बेसिक और माध्यमिक विद्यालय
- CBSE और ICSE बोर्ड के स्कूल
- अन्य बोर्डों से संचालित स्कूल
- डिग्री कॉलेज
- महाविद्यालय
- आईटीआई
- पॉलिटेक्निक संस्थान
- अन्य शिक्षण संस्थान

Bareilly School Closed Notice
छुट्टी क्यों घोषित की गई?
आदेश में कहा गया है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में छात्रों के स्कूल आने-जाने में परेशानी और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
स्टाफ रहेगा मौजूद
जारी आदेश के अनुसार, छात्रों की छुट्टी रहेगी, लेकिन आदेश के अनुसार स्कूलों और कॉलेजों का स्टाफ सरकारी कार्यों के लिए संस्थान में उपस्थित रहेगा।
परीक्षा पर नहीं पड़ेगा असर
जिलाधिकारी के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग द्वारा पहले से कोई परीक्षा निर्धारित है, तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी। यानी यह अवकाश नियमित कक्षाओं के लिए है, परीक्षा कार्यक्रम पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल या कॉलेज की ओर से जारी किसी अतिरिक्त सूचना पर भी नजर बनाए रखें।
