Muzaffarnagar School Closed: सावन के महीने में निकलने वाली कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा और शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक स्कूलों, CBSE और ICSE बोर्ड से संबद्ध स्कूलों तथा डिग्री कॉलेजों पर लागू होगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) और जिले के प्रमुख रास्तों पर लाखों कांवड़िए गुजरते हैं। इस दौरान कई जगह लंबा जाम लग जाता है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहती है। ऐसे में छात्रों को आने-जाने में परेशानी न हो और किसी तरह की असुविधा से बचाया जा सके, इसलिए प्रशासन ने 8 दिनों की छुट्टी घोषित की है।
कांवड़ यात्रा के दौरान क्या रहेगा खास?
- भारी वाहनों के प्रवेश पर पहले से रोक लगा दी गई है।
- NH-58 सहित कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, जिससे बसों और निजी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
- कई निजी स्कूलों ने पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला किया है।
- पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही मुख्य मार्गों पर निकलें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
- छात्रों और अभिभावकों के लिए सलाह

Muzaffarnagar School Closed
प्रशासन ने अभिभावकों से कहा है कि वे छुट्टियों के दौरान जारी होने वाले स्कूल के निर्देशों पर नजर रखें। जिन स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं होंगी, वहां छात्र नियमित रूप से क्लास में शामिल हों ताकि पढ़ाई का नुकसान न हो।
कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद 11 अगस्त 2026 से जिले के स्कूल और कॉलेज सामान्य रूप से खुलने की संभावना है, हालांकि अंतिम निर्णय प्रशासन की ओर से जारी होने वाले अगले आदेश पर निर्भर करेगा।
