CBSE 12th Topper Tanya Singh: 2 साल पहले ही लिख दिया भविष्य-'मैं बनूंगी टॉपर', पक्के इरादे ने सबको किया हैरान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 23, 2022, 12:47 AM IST

CBSE 12th Topper Tanya Singh Commitment Story: सीबीएसई 12वीं रिजल्ट में 100 प्रतिशत अंक हासिल करने वालीं तान्या सिंह ने अपना इरादा दो साल पहले 2020 में ही एक कागज पर उतार दिया था। अब उनका अगला लक्ष्य 2027 है।

CBSE 12th Topper Tanya Singh: 2 साल पहले ही लिख दिया भविष्य-'मैं बनूंगी टॉपर', पक्के इरादे ने सबको किया हैरान

CBSE 12th Topper Tanya Singh: सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा रिजल्ट में टॉप करने वाली तान्या सिंह के रिजल्ट को देखकर कुछ मशहूर लाइनें याद आती हैं, 'सफल वही होते हैं, जिनके सपनों में जान होती है। पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।' तान्या ने इस बात को साबित कर दिखाया। 500 में से बिना एक भी अंक गंवाए पूरे अंक हासिल करके उन्होंने अपने दोस्तों व परिजनों सहित सबको अपनी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हैरान कर दिया लेकिन इस बीच कुछ ऐसा भी है जो तान्या सिंह के इस शानदार परिणाम से बढ़कर है और वह है-उनका पक्का इरादा।

टॉपर तान्या के दृढ़ निश्चय की गूंज सोशल मीडिया खूब सुनने को मिल रही है और इंटरनेट पर वायरल एक फोटो सबको हैरान कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार कागज पर दिख रही लिखावट खुद तान्या की है जो उन्होंंने साल 2020 में ही एक सफेद कोरे कागज पर दर्ज की थी। दरअसल पक्के इरादे वाली इस लड़की ने दो साल पहले ही लिख दिया था कि वह साल 2022 में 12वीं की सीबीएसई टॉपर बनेंगी।

CBSE 12th Topper Tanya Singh commitment

'2027 में यूपीएससी परीक्षा टॉप करूंगी'
इतना ही नहीं इस कागज पर तान्या के भविष्य के इरादे की झलक भी साफ तौर पर देखने को मिल रही है, जिसमें लिखा है वह साल 2027 में आईएएस जैसी सिविल सेवा भर्ती के लिए होने वाली यूपीएससी परीक्षा को भी टॉप करने का इरादा रखती हैं। कक्षा 12वीं के रिजल्ट में तान्या की सफलता को देखकर लोग उन्हें साल 2027 में यूपीएसई रिजल्ट को लेकर भी शुभकामनाएं देते हुए हौसला बढ़ा रहे हैं।

सीबीएसई रिजल्ट और यूपीएससी टॉपर बनने की यह बात लिखते हुए तान्या ने अपने इरादे को कागज पर दर्ज कर दिया था और साथ में उनके साइन भी पेपर पर देखे जा सकते हैं, जिसके नीचे तारीख लिखी है, 20-4-2020। यानी 20 अप्रैल 2020 को उन्होंने अपने करियर को लेकर मन बना लिया था कि वह भविष्य में क्या बनने वाली हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार 500/500 अंक हासिल करने वालीं सीबीएसई की कथित 12वीं टॉपर तान्या सिंह दिल्ली पब्लिक स्कूल, डीपीएस बुलंदशहर से 12वीं पास हुई हैं। स्कूल के प्रिंसिपल ने भी कथित तौर पर इसकी पुष्टि की है।

End of Article