शहर

फर्जी CSR डोनेशन रैकेट पर ED का बड़ा एक्शन, 4 राज्यों में 8 ठिकानों पर मारे छापे, 200 करोड़ के फंड डायवर्जन की जांच तेज

CSR Donation Case: ईडी ने कथित फर्जी CSR डोनेशन रैकेट के खिलाफ महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और दिल्ली-NCR में 8 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए करीब 200 करोड़ रुपये के CSR फंड को कथित तौर पर डायवर्ट करने और कमीशन व कैश के जरिए घुमाने का मामला सामने आया है।

Image

200 करोड़ के CSR फंड की हेराफेरी का हुआ खुलासा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

CSR Donation Case: ED ने डॉ. धर्मेंद्र कुमार चंद्रदेव सिंह और अन्य से जुड़े कथित बोगस CSR डोनेशन रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ED ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और दिल्ली-NCR में कुल 8 ठिकानों पर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान मार्केट ऑपरेटर, ट्रस्टी और बिचौलियों से जुड़े परिसरों को खंगाला गया। ED के मुताबिक, शुरुआती जांच में सैकड़ों करोड़ रुपये के CSR फंड को डायवर्ट करने वाले नेटवर्क का पता चला है। जांच एजेंसी ने इस मामले में PMLA के तहत जांच शुरू की है। यह कार्रवाई मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में 12 जुलाई 2026 को दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई, जिसमें धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े अपराधों के आरोप हैं।

12वीं पास शख्स ने खुद को डॉक्टर बताया

जांच में एक अहम खुलासा यह हुआ है कि धर्मेंद्र कुमार सिंह के पास कोई मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री या मेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन नहीं था और उन्होंने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बावजूद ED के मुताबिक, उन्होंने करीब तीन दशक तक खुद को डॉक्टर बताया और अपने नाम के साथ 'Doctor' की उपाधि का इस्तेमाल किया। ED का आरोप है कि इसी पहचान और डॉक्टर की सामाजिक विश्वसनीयता का फायदा उठाकर उन्होंने कई चैरिटेबल ट्रस्ट और संस्थाएं खड़ी कीं। इन संस्थाओं के जरिए हेल्थकेयर से जुड़े CSR प्रोजेक्ट्स के नाम पर PSU और निजी कंपनियों से बड़ी रकम जुटाई गई।

CSR के नाम पर फंड डायवर्जन का आरोप

ED की जांच में ट्रस्ट, ट्रस्टी, बिचौलिए, कमीशन एजेंट और उपकरण सप्लायरों का एक नेटवर्क सामने आया है। आरोप है कि सरकारी कंपनियों के सामने वैध CSR प्रोजेक्ट के नाम पर प्रस्ताव रखे जाते थे और CSR फंड हासिल किया जाता था। लेकिन आरोप है कि फंड मिलने के बाद प्रोजेक्ट या तो आंशिक रूप से किए गए या मिले पैसे के अनुपात में काम नहीं किया गया। इसके बाद कथित तौर पर बढ़े हुए वेंडर बिल बनाए गए और अतिरिक्त रकम फर्जी या शेल कंपनियों के जरिए दूसरी जगह भेजी गई। CSR फंड दिलाने में मदद करने वाले बिचौलियों और ब्रोकर्स को भी कथित तौर पर कमीशन और किकबैक दिए गए।

प्राइवेट कंपनियों का पैसा कैश में लौटाने का आरोप

ED को जांच में CSR फंड को घुमाने का एक और तरीका सामने आया है। आरोप है कि निजी कंपनियों से CSR के नाम पर पैसा लेने के बाद उसका बड़ा हिस्सा कैश में वापस कर दिया जाता था। इसके बदले ट्रस्ट कथित तौर पर एक छोटा कमीशन अपने पास रखते थे। यानी कागजों पर CSR के नाम पर पैसा खर्च होता दिखाया जाता था, लेकिन रकम का बड़ा हिस्सा कथित तौर पर वापस कैश में पहुंच जाता था।

करीब 200 करोड़ रुपये का CSR फंड जांच के घेरे में

ED के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क के जरिए करीब 200 करोड़ रुपये के CSR फंड को रूट किए जाने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि इस रकम में से कितना पैसा वास्तविक CSR गतिविधियों में लगा और कितना कथित तौर पर डायवर्ट, कमीशन या कैश रीसाइक्लिंग के जरिए वापस गया। ED की तलाशी में मिले दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और संस्थाओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच अभी जारी है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article