दिल्ली

नया विज्ञान : 'AQI एक ऐसा टेम्परेचर', CM रेखा गुप्ता के बयान का केजरीवाल ने उड़ाया मजाक, आंकड़े छुपाने का आरोप

Delhi News: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच AQI पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान से सियासी विवाद बढ़ गया है। उन्होंने AQI को 'टेम्परेचर' कहा, जिस पर अरविंद केजरीवाल ने जोरदार हमला बोला और सरकार पर डेटा छुपाने का आरोप लगाया। दोनों नेताओं में शब्द बाण चल रहे हैं, जबकि राजधानी ‘poor’ से ‘very poor’ AQI दर्ज कर रही है।

Image

AQI पर CM रेखा गुप्ता के बयान को केजरीवाल ने लिया आड़े हाथों

Delhi News: दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण से दिल्ली के लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। इस बीच AQI पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिए गए एक बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कल यानी सोमवार 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने टीवी इंटरव्यू में AQI को 'टेम्परेचर' कहकर बड़ी गलती की है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, 'पहली बात - मुख्यमंत्री जी ने ये तो स्वीकार कर लिया कि जहां-जहां AQI मॉनीटर लगे हैं, वहीं पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि दिल्ली के लोगों तक प्रदूषण का सच न पहुंच पाए। यानी आंकड़ों को छुपाकर 'हवा साफ' दिखाने का खेल चल रहा है।'

केजरीवाल ने आगे कहा, 'दूसरी बात - ये नया विज्ञान कब आया कि AQI अब टेम्परेचर बन गया? ' दरअसल, सीएम रेखा गुप्ता का तर्क था कि जहां सबसे ज्यादा प्रदूषण होता है, वहीं सफाई और छिड़काव जरूरी है।

दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए रेखा गुप्ता ने प्रदूषण हॉटस्पॉट्स पर पानी के छिड़काव का बचाव किया था। उनसे पूछा गया कि तो आप प्रदूषण हॉटस्पॉट्स पर पानी का छिड़काव करवा रही हैं। क्या मॉनीटर पर स्प्रे करने से AQI में गिरावट आती है? इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'AQI को 'एक ऐसा तापमान' है, जो किसी भी उपकरण से मापा जा सकता है। तो उसमें पानी का छिड़काव ही अकेला उपाय है। जो हम कर रहे हैं, जो पिछली सरकारें भी करती थीं, और वो हॉटस्पॉट पर ही होता है, जहां सबसे ज्यादा प्रदूषण होगा, वहीं तो आप सफाई करेंगे।'

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी तकरार का एक नया सिलसिला शुरू हो गया है। एक तरफ दिल्ली के लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं और दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा मुख्यमंत्री के बीच यह तकरार सर्दी में गर्मी का एहसास दे रही है।

बता दें कि आज यानी मंगलवार 9 दिसंबर की सुबह दिल्ली का कुल AQI 292 दर्ज हुआ, जो ‘poor’ श्रेणी में आता है। वहीं अक्षरधाम, गाजीपुर और आनंद विहार जैसे इलाकों में AQI 319 तक पहुंच गया, जो ‘very poor’ के दायरे में है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article