Delhi AQI News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। 5 दिसंबर, शुक्रवार की सुबह भी राजधानी 'बहुत खराब' श्रेणी की हवा के साथ जागी। कई इलाकों में AQI तेजी से बढ़ा है, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
दिल्ली में AQI फिर बढ़ा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के अनुसार शुक्रवार सुबह 9:05 बजे दिल्ली का औसत AQI 324 दर्ज किया गया, जो गुरुवार शाम के 304 से 20 अंक अधिक है। यह सीधे तौर पर 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। दिल्ली के 40 में से 31 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' पाई गई। आरके पुरम सबसे प्रदूषित स्थान रहा, जहां AQI 371 दर्ज हुआ। इसके बाद बवाना (373) और नेहरू नगर (366) का स्थान रहा। वहीं, मंदिर मार्ग पर AQI सबसे कम 212 दर्ज हुआ, जबकि NSIT द्वारका में AQI 272 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में ठंड बढ़ाने की चेतावनी, सुबह रहेगी धुंध
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में हल्की धुंध और बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिमी दिशा से लगभग 10 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। दोपहर में हवा की गति थोड़ी बढ़कर 12 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है लेकिन शाम होते-होते फिर कम हो जाएगी। कम हवा की गति के कारण प्रदूषक उड़ नहीं पा रहे हैं, जिससे AQI में सुधार नहीं हो रहा है।
CSE की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की नई रिपोर्ट में दिल्ली की हवा को लेकर चिंताजनक खुलासे किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार इस बार पराली जलाने के मामलों में गिरावट आई है, फिर भी दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ स्तर तक पहुंची है। इसका मुख्य कारण स्थानीय प्रदूषण, जो खासकर वाहनों और औद्योगिक गतिविधियों से निकलने वाला धुआं है। NCR के छोटे शहरों में भी प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लंबे समय में एयर क्वालिटी सुधार का ट्रेंड उलट सकता है।
संसद में भी उठा दिल्ली का दमघोंटू हवा का मुद्दा
लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता ने संसद में भी हंगामा खड़ा कर दिया। कई सांसदों ने मास्क और ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर प्रतीकात्मक विरोध किया और सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की। विपक्ष ने कहा कि दिल्ली-NCR की आबादी लगातार जहरीली हवा में सांस ले रही है, और इसके लिए एक व्यापक और प्रभावी योजना की जरूरत है।
