Delhi monsoon: लू के थपेड़ों से मिलेगी राहत, पर 15 साल में पहली बार रिकॉर्ड देरी से पहुंच रहा मानसून

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 9, 2021, 10:36 PM IST

Delhi monsoon update: गर्मी व धूप से बेहाल दिल्‍ली को मानसूनी बारिश से जल्‍द राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां इस बार मानसून रिकॉर्ड देरी से पहुंच रहा है।

Delhi monsoon: लू के थपेड़ों से मिलेगी राहत, पर 15 साल में पहली बार रिकॉर्ड देरी से पहुंच रहा मानसून
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में तपती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। मानसून की दस्‍तक से ही बेहाल कर देने वाली गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार हैं। यहां शनिवार को मानसून के दस्‍तक देने के आसार हैं। दिल्‍ली में मानसून इस बार 13 दिनों की देरी से पहुंच रहा है। यह पिछले 15 वर्षों में पहली बार है, जब इतनी देरी से यहां मानसून दस्‍तक देने जा रहा है।

दिल्‍ली में मानसून के पहुंचने की तारीख आम तौर पर 27 जून मानी जाती है। लेकिन भारत मौसम विभाग का कहना है कि इस बार यहां मानसून 13 दिनों की देरी के बाद शनिवार को पहुंचने की उम्मीद है। आईएमडी के अधिकारियों के मुताबिक पिछले 15 वर्षों में यह ऐसा पहली बार है जब दिल्ली में मानसून इतनी देरी से पहुंचने जा रहा है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, इससे पहले साल 2012 में मानसून दिल्‍ली में 7 जुलाई को पहुंचा था, जबकि वर्ष 2006 में यहां 9 जुलाई को मानसून ने दस्‍तक दी थी।

पांच-छह दिनों में बारिश के आसार

आईएमडी की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों तथा पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं, जिसके परिणामस्‍वरूप दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में अगले पांच से छह दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

यहां उल्‍लेखनीय है कि मौसम विभाग ने पूर्व में यहां मानसून के 12 दिन पहले पहुंचने के बारे में अनुमान जताया था। इसके मुताबिक, राष्‍ट्रीय राजधानी में मानसून के तय समय से 12 दिन पहले ही 15 जून को ही पहुंचने का अनुमान था। लेकिन इसमें अब अप्रत्‍याशित देरी हुई है और मानसून तय समय से 13 दिनों की देरी के साथ शनिवार को यहां पहुंचने के आसार हैं।

End of Article