क्राइम

Chhattisgarh: डबल मर्डर से दुर्ग में सनसनी; महिला ने STF कांस्टेबल की पत्नी और बेटे का किया कत्ल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर एसटीएफ कांस्टेबल के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल की पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

Image

दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Chhattisgarh Murder Case STF Constable Family: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार को एक महिला ने एसटीएफ कांस्टेबल की पत्नी और आठ वर्षीय बेटे की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी जबकि इस हमले में कांस्टेबल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के कांस्टेबल की दूसरी बेटी भी घटना के समय घर में मौजूद थी। वह भिलाई कस्बे के सुपेला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत तितरुडीह कॉलोनी में सुबह करीब आठ बजे हुए इस हमले से बाल-बाल बच गई।

परिवार के सदस्यों को उतारा मौत के घाट

दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा, "आरोपी महिला सरोजिनी भारद्वाज (27) ने कथित तौर पर कांस्टेबल ललितेश यादव के घर में घुसकर चाकू से उनके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी। हमले के समय यादव घर पर मौजूद नहीं थे।" पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल की पत्नी रीना यादव (32) और बेटे आदित्य यादव (8) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 12 वर्षीय बेटी बीच-बचाव करने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गई।

मामले की जांच जारी

बताया जा रहा है कि, कांस्टेबल की दूसरी बेटी, जो घर में मौजूद थी, किसी तरह बच निकली और उसने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने सरोजिनी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारी ने बताया कि घायल लड़की का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी महिला पिछले दो-तीन सालों से कांस्टेबल के साथ अवैध संबंध में थी और उसके साथ एक ही घर में रहना चाहती थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को इसी मुद्दे पर आरोपी महिला और कांस्टेबल के परिवार के बीच विवाद हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

शिक्षक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में ठेकेदार गिरफ्तार

वहीं, बीजापुर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने के आरोप में शनिवार को एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पालनार स्कूल के प्रधानाध्यापक राजू पुजारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में ठेकेदार देवाशीष मंडल (36) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस महीने की 22 तारीख को चेरपाल गांव के निवासी और पालनार स्कूल के प्रधानाध्यानक पुजारी ने चेरपाल गांव के नजदीक जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद शव को बरामद कर जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुजारी के पास से हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि विद्यालय प्रबंधन समित के माध्यम से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य के लिए ठेकेदार देवाशीष मंडल को लगभग 40 प्रतिशत राशि का भुगतान भी किया गया है। शेष भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि पुजारी लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था तथा निर्माण कार्य के भुगतान के लिए कुछ व्यक्तियों द्वारा दबाव डालकर गलत कार्य कराने और फंसाने की आशंका से भयभीत था। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया पुजारी को आत्महत्या के लिए उकसाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article