मेरठ की 'मुस्कान' ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की। फिर शव के टुकड़े-टुकड़े करके सीमेंट के साथ नीले ड्रम में जमा दिया। उस घटना के बाद से लगातार ऐसी कई घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। इंदौर की सोनम की कहानी भी खूब प्रचलित हुई, जिसने हनीमून पर ही पति की हत्या करवा दी। अब पत्नी के बेवफाई का एक और मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया।
ताजा मामला शामली में कैराना के खुरगान गांव का है। हत्या की इस कहानी के दो किरदार हैं एक का नाम मुफरीन है और दूसरा शाहनवाज। खुरगान गांव की मुफरीन ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची। फिर मुफरीन ने अपने ही सामने प्रेमी और उसके साथियों की मदद से पति शाहनवाज की हत्या करवाई। यही नहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए शातिर मुफरीन ने लूट की झूठी कहानी भी सुनाई।
लेकिन पुलिस ने मुफरीन की झूठी कहानी की पोल सिर्फ 8 घंटे में ही खोल दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के महज 8 घंटे में ही हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुफरीन फिलहाल को पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, लेकिन उसकी तलाश जारी है।
दरअसल हरियाणा में सोनीपत जिले के गन्नौर थानाक्षेत्र का रहने वाला शाहनवाज कल यानी गुरुवार 7 अग्सत की सुबह खुरगान गांव जा रहा था। 28 वर्षीय शाहनवाज अपनी बीवी मुफरीन के साथ अपने फुफेरे साले इमलाक की शादी में शामिल होने जा रहा था। लेकिन यहां रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गई।
शाहनवाज की हत्या के बाद उसकी बीवी मुफरीन ने पुलिस में शिकायत की। उसने बताया कि वह और उसका सौहर शाहनवाज दूल्हे के लिए नोटों की माला लेकर आ रहे थे। मुफरीन ने बताया कि जैसे ही हम खुरगान में बेरी वाले बाग के पास पहुंचे, वहां बाइक पर सवार तीन-चार लोगों ने उनकी बाइक को लात मार दी। बदमाशों ने उनसे नोटों की माला को लूटने की कोशिश की और इसी दौरान शाहनवाज की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
