जबलपुर में लिफ्ट देने के बहाने एक महिला से आरोपियों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दे दिया। दरअसल महिला अपनी ननद के घर भेड़ाघाट से गांव जाने के लिए निकली थी, महिला अंधमूक बाईपास के पास पहुंची ही थी कि तभी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से आए आरोपियों ने महिला को लिफ्ट देकर घर छोड़ने का झांसा दिया और कार में बैठा लिया।
खजरी खिरिया बाईपास होते हुए आरोपी महिला को मझौली थाना क्षेत्र के निगई गांव ले गए जहां तालाब के किनारे ले जाकर आरोपियों ने महिला से बारी-बारी से रेप किया। पुलिस के मुताबिक गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी संजू और दीपक महिला के पुराने परिचित थे इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला को लिफ्ट देने का झांसा दिया और उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया।
आरोपियों ने महिला पर हॉकी से वार करना शुरू कर दिया
महिला ने जब विरोध किया और आरोपियों की करतूत की जानकारी पुलिस को देने की बात कही तब आरोपियों ने महिला पर हॉकी से वार करना शुरू कर दिया। हॉकी के वार से महिला के सिर में गंभीर चोटे आई हैं। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद महिला ने अपने भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, इसके बाद मझौली थाना पहुंचकर पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। गैंगरेप की शिकार महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी दीपक और संजू की तलाश कर उन्हें दबोच लिया और जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया।
महिला विधवा है और कुछ समय पहले ही उसके पति की मौत हो गई थी
जानकारी के मुताबिक महिला विधवा है और कुछ समय पहले ही उसके पति की मौत हो गई थी और एक पारिवारिक काम के सिलसिले में वह अपने गांव से अपनी ननद के घर भेड़ाघाट गई हुई थी वहां से लौटते समय महिला की आरोपियों से मुलाकात हुई जिसके बाद बदमाशों ने गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। मझौली थाना क्षेत्र के निगई गांव के तालाब के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है।
