क्राइम

Shaista Parveen : अतीक अहमद से ज्यादा पढ़ी-लिखी है शाइस्ता परवीन, पत्नी को 'लेडी डॉन' बनाना चाहता है जेल में बंद माफिया

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 16, 2023, 08:02 AM IST

Who is Shaista Parveen : शाइस्ता परवीन की शादी अतीक अहमद से 1996 में हुई। शाइस्ता के पिता यूपी पुलिस में सिपाही थे। उसकी चार बहन और दो भाई हैं। वह अपने घर में सबसे बड़ी है। उसका एक भाई मदरसे में प्रिंसिपल है। वह अपने पति अतीक अहमद से ज्यादा पढ़ी-लिखी है।

Image

बाहुबली अतीक अहमद की पत्नी है शाइस्ता परवीन। (सौजन्य-सोशल मीडिया)

Who is Shaista Parveen : उमेश पाल मर्डर केस में माफिया अतीक अहमद के परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब पुलिस ने माफिया की पत्नी शाइस्ता परवीन पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शाइस्ता कुछ दिनों से फरार है। उसके बारे में सुराग पाने के लिए यूपी पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उमेश पाल की हत्या की साजिश तो गुजरात के साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद ने रची लेकिन उसे अंजाम तक पहुंचाने का पूरी साजिश शाइस्ता ने रची।

सूत्रों का कहना है कि अतीक अपनी पत्नी शाइस्ता को 'लेडी डॉन' और बेटे असद को अपने काले साम्राज्य का वारिस घोषित करना चाहता है। बता दें कि गत 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश पाल की दिनदहाड़े हत्या हुई। उनके दो सरकारी गनर भी मारे गए। आइए यहां जानते हैं कि आखिर शाइस्ता परवीन है कौन।

अतीक से ज्यादा पढ़ी-लिखी है शाइस्ता

रिपोर्टों के अनुसार शाइस्ता परवीन की शादी अतीक अहमद से 1996 में हुई। शाइस्ता के पिता यूपी पुलिस में सिपाही थे। उसकी चार बहन और दो भाई हैं। वह अपने घर में सबसे बड़ी है। उसका एक भाई मदरसे में प्रिंसिपल है। वह अपने पति अतीक अहमद से ज्यादा पढ़ी-लिखी है। उसके पास स्नातक की डिग्री है। बताया जाता है कि अतीक के जेल जाने के बाद अपने पति के काले साम्राज्य को वहीं संभालती है।

शाइस्ता के पांच बेटे हैं

शाइस्ता के पांच बेटे हैं। बड़ा बेटा उमर और दूसरा अली अहमद जेल में बंद हैं। तीसरा बेटा असद उमेश पाल मर्डर केस में फरार है। जबकि चौथे और पांचवें बेटे का नाम एहजम अहमद और अबान अहमद है। दावा है कि दोनों नाबालिग हैं। शाइस्ता का दावा है कि उसके दोनों छोटे बेटों को पुलिस उठाकर ले गई है। पुलिस का कहना है कि अतीक के दोनों छोटे बेटों को उसने बाल सुधार गृह में रखा है।

गत जनवरी में बसपा में शामिल हुई शाइस्ता

अतीक अहमद के जेल जाने के बाद शाइस्ता ने अपनी राजनीतिक पारी का आगाज किया। गत जनवरी में वह अपने समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गई। बसपा में शामिल होने के बाद उसने कहा कि दलित-मुस्लिमों का गठजोड़ यूपी में ही नहीं बल्कि पूरे देश की राजनीति में असर डालेगा। मार्च की शुरुआत में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शाइस्ता के चकिया में स्थित दो मंजिला इमारत पर बुलडोजर चला दिया। अपनी इस कार्रवाई के बारे में पीडीए ने कहा कि शाइस्ता का यह घर नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध तरीके से बनाया गया।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article