Bareilly News: यूपी के बरेली शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फिटनेस जिम की आड़ में महिलाओं के साथ गंभीर अपराध किया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र स्थित एक जिम के संचालक अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग पर आरोप है कि वे वर्कआउट के बहाने महिलाओं को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाते थे और बेहोशी की हालत में उनके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लेते थे।
दो आरोपी हुए गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक इसके बाद वे इन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूलते थे। ऐसे में एक पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि अकरम बेग पहले महिला को भरोसे के नाम पर जिम बुलाता था फिर ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर देता था। इसके बाद वह जिम के अंदर बने कमरे में ले जाकर गंदा काम करता था और पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लेता था।
महिलाओं को टारगेट बनाने की योजना
सीओ फर्स्ट बरेली आशुतोष शिवम ने बताया कि इस पूरे खेल में उसका भाई आलम बेग भी बराबर का साझेदार था। उन्होंने बताया कि वह महिलाओं को फंसाने और ब्लैकमेलिंग में मदद करता था। आरोपियों ने पीड़िता से मोटी रकम वसूलने की कोशिश की थी और आगे भी अन्य महिलाओं को टारगेट बनाने की योजना बना रहे थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, पेनड्राइव, आपत्तिजनक सामग्री और नगदी बरामद की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अगर अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उन्हें भी न्याय दिलाया जाएगा।
