Karnataka Car Explosion: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक प्रेमी ने शादी से इनकार करने पर अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला कर दिया और फिर कार के भीतर ही देसी बम से ब्लास्ट कर लिया। इस धमाके (kidnapped girlfriend after breakup) में कार आग का गोला बन गई और 30 वर्षीय युवक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती और कार ड्राइवर किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला निवासी नागेंद्र (30) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला पिछले 6 साल से चले आ रहे एक प्रेम प्रसंग और उसके बाद उपजे विवाद से जुड़ा है। नागेंद्र अपनी प्रेमिका राम्या पर लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन राम्या ने शादी से इनकार कर दिया था। राम्या बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में असिस्टेंट टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है और पिछले 6 महीनों से उसने नागेंद्र से दूरी बना ली थी, यहां तक कि उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।
दोनों के बीच तीखी बहस
टाइम्स ऑफ इंडिया की मानें तो शनिवार सुबह नागेंद्र बेंगलुरु के जयनगर स्थित राम्या के किराए के कमरे पर पहुंचा। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई। नागेंद्र ने चाकू की नोंक पर राम्या को धमकी दी कि अगर वह उसके साथ नहीं चली तो वह दोनों को मार डालेगा। इसके बाद उसने जबरन एक कैब बुक की और राम्या को लेकर अपने गांव अंकोला के लिए निकल पड़ा। कमरे पर मौजूद राम्या की सहेली ने तुरंत सिद्धापुरा पुलिस स्टेशन जाकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए कैब ड्राइवर प्रवीण से संपर्क किया और उसे गाड़ी नजदीकी पुलिस स्टेशन पर रोकने को कहा। लेकिन इस दौरान नागेंद्र ने ड्राइवर और पुलिस की बातचीत सुन ली।
घायल राम्या और ड्राइवर कार से कूदकर भागे
गुस्से और बौखलाहट में नागेंद्र ने राम्या से कहा, "चलो अब साथ ही मरते हैं" और अपनी जेब से देसी बम (Tumakuru crude bomb blast) निकाल लिए। उसने राम्या पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। खतरा भांपते ही ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोकी, जिसके बाद घायल राम्या और ड्राइवर प्रवीण कार से कूदकर बाहर भागे। उनके बाहर निकलते ही कार के भीतर जोरदार धमाका हुआ और गाड़ी धू-धू कर जल उठी। नागेंद्र को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह कार के भीतर ही जिंदा जल गया। फिलहाल घायल राम्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
