क्राइम

टीकमगढ़: खूबसूरत चेहरा दिखाकर लिए 1.80 लाख, 8 दिन बाद रफूचक्कर हुई लुटेरी दुल्हन, थाने के चक्कर काट रहा पीड़ित

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन शादी के महज एक हफ्ते बाद ही घर का सामान समेटकर फरार हो गई। मझपुरा मोहल्ला निवासी मनीष जैन ने अपने परिचितों के जरिए ओडिशा की अनुसुइया भुई से विवाह किया था। इसके लिए मनीष से 1 लाख 80 हजार रुपये भी वसूले गए।

Image

लुटेरी दुल्हन.

मध्य प्रदेश के पिछड़े इलाकों में शुमार बुंदेलखंड में लिंगानुपात लगातार घट रहा है। आंकडे कुछ भी कहें लेकिन यहां के बड़े क्षेत्र में लड़कों को शादी के लिए लड़कियां नहीं मिल रही है, इसी के चलते इस पूरे इलाके में ऐसे दलाल सक्रीय हो चुके हैं जो प्रदेश के बाहर की लड़कियों की शादी यहां करवाते हैं और उसके एवज में मोटी रकम ऐंठते हैं। यहां के लोग कई शादी के लिये दलालों के माध्यम से उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से महिलाओं को पैसों में खरीद कर लाते है, औपचारिक रूप से मंदिर में विवाह करके पत्नी बना लेते हैं। अब इस इलाके में आये दिन अविवाहित युवकों से शादी के नाम पर ठगी और लूट की घटनाएं सामने आ रही है, जिसमे भोले-भाले लड़कों को बिचौलिये झांसा देकर पहले शादी करा देते है और फिर मौका पाकर दुल्हन घर से सामान लूटकर फरार हो जाती है।

ताजा मामला बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले का है। जहां एक लूटेरी दुल्हन शादी के एक हफ्ते बाद ही घर में जो सामान मिला वो लेकर फरार हो गई। जानकारी के मुताबिक टीकमगढ़ के मझपुरा मोहल्ला निवासी मनीष जैन अविवाहित थे। मनीष जैन ने अपने परिचित मनोहर लोधी, रामस्वरूप लोधी और रीता लोधी को बताया कि वो विवाह करना चाहते हैं। जिस पर इन लोगों ने मनीष को अपनी एक परिचित महिला अनसुइया भुई निवासी जिला बलांगी उड़ीसा से मिलवाया। मनीष को बताया गया कि शादी के लिये 1 लाख 80 हजार रुपये देने होंगे। मनीष जैन ने इन लोगों को पैसे दे दिये। इसके बाद इन लोगों ने मनीष और अनसुइया की कुंडेश्वर मन्दिर में शादी करवा दी। दोनों ने एक दूसरे को माला पहना दी और फिर कोर्ट मैरिज के लिए कोर्ट में आवेदन भी दे दिया। इसके बाद दुल्हन बनकर अनुसुइया मनीष के घर आ गई।

एक हफ्ते तक दोनों साथ रहे और एक दिन मौका पाते ही अनुसुइया घर से सारा सामान समेटकर फरार हो गई। इसके बाद पहले पीड़ित मनीष जैन ने अपने दोस्त जो शादी करवाने में बिचौलिये थे, उन्हें सूचना दी और पैसे वापस करने की गुहार लगाई। उन सभी ने मामले से पल्ला झाड़ते हुए कह दिया की इसमें वो कुछ नहीं कर सकते, बल्कि उन्होंने मनीष को झूठे मामले में फंसाने की धमकी तक दे दी। पीड़ित मनीष ने पुलिस के पास आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित मनीष का कहना है कि पैसे और इज्जत तो लुट ही गई है, अब वो इस बात से डरा हुआ है कि उल्टा आरोपी पक्ष उसके खिलाफ कोई गलत कानूनी कार्रवाई ना कर दे।

एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे का कहना है कि एक आवेदन प्राप्त हुआ है। जिसके लिए थाना प्रभारी कोतवाली को निर्देशित किया गया है कि इस मामले में जांच करके कार्रवाई की जाए। आवेदन है कि शादी के एक सप्ताह के बाद ही पत्नी कहीं चली गई है। ये मामला लुटेरी दुल्हन का होने का शक है, इसलिए कोतवाली पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई है।

पीड़ित मनीष जैन का कहना है कि मेरे साथ 1 लाख 80 हज़ार की ठगी हुई है। आरोपियों ने मुझे घर पर बुलाया कि मेरी साली आई है अगर पसंद आ गई तो शादी कर लो। मुझे लड़की पसंद आ गई तो मैंने कोर्ट में शादी का आवेदन दे दिया औऱ लड़की को घर ले आया। 8 दिन बाद लड़की छत से कूदकर भागने लगी तो पड़ोसी ने उसे पकड़ लिया। पूछने पर बोली कि चुन्नी उड़ गई थी। अब चुन्नी 3 छत पार करके कैसे उड़ सकती है। इसके बाद मैंने लड़की से पूछा तो वो मेरे साथ रहने के लिए राजी नहीं थी, वो अपने दीदी जीजाजी के घर जाने की ज़िद करने लगी और चली गई। अब मुझे डर है कि वो मुझ पर कुछ भी आरोप लगा सकती है। मेरे साथ ठगी हुई है मुझे मेरा पैसा वापस दिलवाया जाए।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article