क्राइम

चोरी करने जैसे ही घुसा चोर, दरवाजे में सिर गया अटक; वहीं तड़प-तड़प कर मर गया

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 28, 2022, 01:43 PM IST

जिस घर में चोर चोरी करने के लिए घुसा था, वो दो दिनों से बंद था। उस घर में पावरलूम सेंटर चलता था। काम न होने की वजह से पिछले दो दिनों से वो बंद था। इसी दौरान चोर ने चोरी करने के इरादे से घर में घुसना चाहा, लेकिन सफल नहीं हुआ।

Image

वाराणसी में तड़प-तड़प कर मर गया चोर (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

यूपी (UP) में एक अजीब ही मामला सामने आया है। यहां एक चोर को दर्दनाक मौत मिली है। चोर रात में चोरी के इरादे से एक घर में घुसा था, जहां वो दरवाजे में फंस गया और रात भर वैसे ही रहा, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

घटना यूपी के वाराणसी की है। जहां एक पावरलूम सेंटर में चोरी करने की कोशिश के दौरान कथित तौर पर दरवाजे में फंसने से एक चोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है, जो चोरी के अन्य मामलों में भी सक्रिय रूप से शामिल था। घटना वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के दनियालपुर में सोमवार सुबह की है।

मिली जानकारी के अनुसार पावरलूम सेंटर पिछले दो दिनों से काम के अभाव में बंद था। इसी दौरान मौका देखकर जावेद ने कथित तौर पर पावरलूम सेंटर में घुसने की कोशिश की। वो इस बात से अनजान था कि दरवाजे के ऊपर ताला लगा हुआ है।

पावरलूम सेंटर में जावेद घुसने में असफल रहा और उसका सिर दरवाजे में ही अटक गया। कहा जा रहा है कि उसने अपने सिर को दरवाजे से निकालने की कोशिश की होगी, लेकिन असफल रहा और उसका दम घुटने से मौत हो गई। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब सुबह लोगों से उसे दरवाजे में अटका हुआ देखा।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और फिर मौके पर पुलिस पहुंची। उसने लाश को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इस मामले में अभी कुछ भी नहीं कहा है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article