Agra News: आगरा में ग्वालियर हाईवे पर स्थित एक होटल में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, एक युवक और उसकी प्रेमिका होटल में चेक-इन करने के करीब डेढ़ घंटे बाद कमरे में थे, तभी अचानक प्रेमिका ने युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला खुद कमरे से बाहर आई और होटल स्टाफ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों और ब्लैकमेलिंग को लेकर विवाद था। यह घटना ग्वालियर हाईवे के मलपुरा क्षेत्र स्थित होटल ताज पथ की बताई जा रही है। दोनों पहले होटल में पहुंचे, कमरा लिया और अंदर चले गए। कुछ समय बाद महिला बाहर आई और हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। होटल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि फतेहपुर सीकरी निवासी खिल्लो के ककुआ क्षेत्र की एक विवाहिता महिला प्रीति के साथ उसके अवैध संबंध थे।
आखिर क्यों उठाया महिला ने यह कदम
आरोप है कि प्रेमी की ओर से महिला को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे महिला ने कमरे में पहले हथौड़े से युवक के सिर पर वार किया और फिर धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
