क्राइम

हिल स्टेशन जाने के लिए निक्की को घर से लेकर निकला था साहिल, जानें मर्डर केस की पूरी इनसाइड स्टोरी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Feb 15, 2023, 10:24 AM IST

Nikki Yadav murder case : पुलिस का कहना है कि निक्की के लापता होने या किसी अन्य तरह की कोई शिकायत उसके परिवार की ओर से दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि उसका एक अधिकारी जो कि मित्रांव गांव में रहता है, उसे सूचना मिली की लड़की का परिवार उससे संपर्क नहीं कर पा रहा है।

Nikki Yadav murder case : दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी वारदात ने लोगों को एक बार फिर झकझोर दिया है। पश्चिमी दिल्ली के मित्रांव गांव में एक शख्स ने मोबाइल फोन के डाटा केबल से अपनी लिव इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। लड़की का गला घोंटने के बाद आरोपी ने उसके शव को अपने ढाबा के रेफ्रिजरेटर में छिपा दिया। हैरान करने वाली बात है कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के दिन ही एक दूसरी लड़की के साथ साथ फेरे लिए। शव बरामद करने के बाद पुलिस नेआरोपी को गिरफ्तार किया है।

शादी के बारे में पता चलते ही झगड़ा शुरू हुआ

पीड़िता की पहचान 24 साल की निक्की यादव के रूप में हुई है। वह कोविड लॉकडाउन के बाद अपने लिव इन पार्टनर साहिल गहलोत के साथ द्वारका के समीप एक किराए के घर में रहती थी। साहिल ने अपनी दूसरी शादी की बात निक्की से छिपाकर रखी थी लेकिन उसे इस शादी के बारे में पता चल गया। शादी के बारे में जानकारी होते ही निक्की और साहिल के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

पुलिस को ऐसे मिली हत्या की जानकारी

पुलिस का कहना है कि निक्की के लापता होने या किसी अन्य तरह की कोई शिकायत उसके परिवार की ओर से दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि उसका एक अधिकारी जो कि मित्रांव गांव में रहता है, उसे सूचना मिली की लड़की का परिवार उससे संपर्क नहीं कर पा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसी दिन दूसरी लड़की से शादी की है।

अपने ढाबे के फ्रिज में शव को रखा

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक क्राइम ब्रांच के स्पेशल पुलिस कमिश्नर रवींद्र यादव ने बताया कि आरोपी साहिल को पुलिस ने मंगलवार सुबह कैर गांव के पास गिरफ्तार किया। यादव ने कहा, 'साहिल ने नौ और दस फरवरी की दरम्यानी रात कार में अपने मोबाइल फोन के डाटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद वह मित्रांव गांव के बाहरी इलाके में स्थित अपे ढाबे पर पहुंचा और शव को रेफ्रिजरेटर में छिपा दिया। अपनी प्रेमिकी का हत्या करने के बाद उसने 10 फरवरी को दूसरी लड़की से शादी कर ली।'

कार से कश्मीरी गेट पहुंचे थे दोनों

पुलिस ने निक्की का मोबाइल फोन साहिल के पास से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक निक्की को पता चला था कि साहिल की सगाई नौ फरवरी को होनी है और इसके अगले दिन शादी है। वह शादी न करने के लिए साहिल पर दबाव बनाती रही। गत नौ फरवरी की रात करीब 11 बजे साहिल बिंदापुर पहुंचा और यहां से दोनों कार से रवाना हुए। जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों आधी रात के समय उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में पहुंचे।

साहिल ने हिल स्टेशन जाने की बात कही थी

रिपोर्ट में एक जांच अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि साहिल ने निक्की को बताया था कि वे हिमाचल प्रदेश में किसी हिल स्टेशन पर जा रहे हैं और उसकी शादी की बात सही नहीं है। हालांकि, निक्की को साहिल की बात पर भरोसा नहीं हुआ और वह सच्चाई जानने के लिए उससे लगातार बहस करती रही। इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। इसके बाद साहिल ने अपने मोबाइल फोन के डाटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। निक्की कार की अगली सीट पर बैठी थी। इसके बाद साहिल कार ड्राइव करते हुए अपने ढाबे की तरफ निकला।

ढाबा अगले कुछ दिनों के लिए बंद था

अधिकारी ने बताया कि ढाबा पहुंचने पर साहिल ने निक्की के शव को नीले रंग के सिंगल दरवाजे वाले फ्रिज में शव को छिपा दिया और फिर केबल लगाकर इसे बंद कर दिया। चूंकि, उसके घर में शादी की तैयारी चल रही थी इसलिए ढाबा अगले कुछ दिनों के लिए बंद था।

2018 में दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए

मित्रांव गांव का निवासी गहलोत ने पुलिस को बताया कि उसने 2018 में उत्तम नगर में एसएससी एग्जाम की तैयारी शुरू की। इसी दौरान वह झज्जर निवासी निक्की के संपर्क में आया। निक्की यहां मेडिकल की तैयारी कर रही थी। उसने उत्तम नगर के एक अन्य कोचिंग सेंटर में दाखिला लिया था। दोनों एक ही बस से कोचिंग आते -जाते थे। यहीं से इनकी दोस्ती और फिर प्यार की शुरुआत हुई।

कोविड के बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे

फरवरी 2018 में साहिल ने ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में दाखिला लिया। बाद में निक्की भी एक कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स करने लगी। ग्रेटर नोएडा में दोनों किराए के एक घर में रहने लगे। पढ़ाई के दौरान दोनों मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून गए। कोरोना संकट की शुरुआत होने पर दोनों अपने घर लौट आए लेकिन कोविड संकट जब खत्म हुआ तो दोनों द्वारका में किराए के एक मकान में रहने लगे। निक्की के साथ लिव इन में रहते हुए भी साहिल ने अपने इस रिश्ते की जानकारी अपने परिवार को नहीं दी थी। बाद में साहिल के परिवार ने उसे शादी तैयार किया और दूसरी लड़की से उसकी शादी तय कर दी।
nikki yadav

nikki yadav

पुलिस का कहना है कि उसने महिला का शव फ्रिज से और डाटा केबल उसकी कार से बरामद किया। बाबा हरिदास नगर पुलिस स्टेशन में साक्ष्य मिटाने एवं हत्या का केस दर्ज हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो बयान दिए हैं उसकी जांच की जा रही है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article