NIA arrested Key Aide Of Lawrence Bishnoi: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जो गिरोह के सदस्यों को फर्जी पासपोर्ट के साथ देश से भागने में मदद कर रहा था। NIA ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के पासपोर्ट मॉड्यूल को चलाने वाले राहुल सरकार को गिरप्तार किया है। सरकार को नई दिल्ली के पटियाला हाउस स्थित एजेंसी की विशेष अदालत ने आगे की जांच के लिए एनआईए की हिरासत में भेज दिया है।
अपराधियों को फर्जी पासपोर्ट पर भेजता था विदेश
अधिकारियों ने कहा कि एनआईए ने पाया है कि आरोपी जाली पासपोर्ट की व्यवस्था करके गिरोह के सदस्यों की मदद कर रहा था, जिससे अपराध करने के बाद उन्हें देश से भागने में मदद मिलती थी। जांच एजेंसी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, गिरोह के जिन सदस्यों की उसने इस तरह से मदद की थी, उनमें सचिन थापन उर्फ सचिन थापन बिश्नोई भी शामिल है, जो 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य आरोपी है।
राहुल सरकार की गिरफ्तारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर अगस्त 2022 में दर्ज एक मामले में एनआईए की जांच के हिस्से के रूप में हुई। बयान में कहा गया है कि यह मामला आपराधिक गिरोहों और सिंडिकेट द्वारा धन जुटाने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं की भर्ती करने की साजिश से संबंधित है।
