शहर

नोएडा में नाले में गिरने से आर्यन की दर्दनाक मौत, रोंगटे खड़े कर देगा हादसे का CCTV वीडियो

Noida Aryan Death CCTV Video: नोएडा के सेक्टर-58 में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सड़क पर भरे पानी के कारण नाले पर रखी कंक्रीट की स्लैब असंतुलित हो गई, जिससे 28 वर्षीय आर्यन नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

Image

नोएडा में नाले में गिरने से आर्यन की मौत

Photo : Times Now Digital

Noida Aryan Death CCTV Video: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। नोएडा के सेक्टर-58 में एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क पर हुए भारी जलभराव के कारण 28 साल का एक युवक नाले में गिर गया और उसकी जान चली गई। अब इस खौफनाक हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे पलक झपकते ही युवक इस हादसे का शिकार हो गया।

मृतक की पहचान 28 साल आर्यन के रूप में हुई है, जो सेक्टर-22 के चौड़ा गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब आर्यन लगातार हो रही बारिश के बीच सेक्टर-58 स्थित एक फैक्ट्री में अपने काम पर जा रहा था। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण वह नाले के ऊपर रखी कंक्रीट की स्लैब पर पैर रखकर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान एक स्लैब असंतुलित थी और जैसे ही आर्यन का पैर उस पर पड़ा, वह सीधे गहरे नाले में समा गया।

आर्यन के दोस्त शिवम और आस-पास के लोगों ने तुरंत मशक्कत कर उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। मौके पर उसे होश में लाने के लिए सीपीआर भी दिया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान प्रशासनिक लापरवाही और सार्वजनिक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जगह-जगह तबाही

यह कोई इकलौती घटना नहीं है। भारी बारिश की वजह से नोएडा के सेक्टर-12 में एक 10 फीट ऊंची दीवार गिर गई, जिससे कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। वहीं सेक्टर-73 में एक कमर्शियल प्लॉट के पास की सड़क और नाला धंस गए, जिसके लिए नोएडा अथॉरिटी ने संबंधित कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 'इको विलेज-1' सोसाइटी के बेसमेंट पार्किंग में पानी भर जाने से लोग अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सहमे हुए हैं।

हालात बिगड़ते देख नोएडा अथॉरिटी ने 24 घंटे काम करने वाली क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया है और जलभराव की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर (0120-2423795) जारी किया है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एन जी रवि कुमार ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे दफ्तरों से निकलकर जमीन पर काम करें और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article