देश

परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार के रुख का INDIA ब्लॉक पर पड़ेगा असर? राहुल गांधी ने दिया यह जवाब

Delimitation Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन बिल में प्रस्तावित 850 सीटों को हिंदुस्तान के लोकतंत्र की हत्या का नंबर करार दिया।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Delimitation Bill: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन बिल में प्रस्तावित 850 सीटों को हिंदुस्तान के लोकतंत्र की हत्या का नंबर करार दिया।

इस दौरान, जब राहुल गांधी से सवाल किया गया कि अगर शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) परिसीमन बिल का समर्थन करती है तो इंडिया ब्लॉक में उनकी क्या स्थिति होगी? इस पर उन्होंने कहा कि यह उनका अपना फैसला है।

राहुल गांधी ने कहा, ''वह इंडिया ब्लॉक में हैं। इंडिया ब्लॉक में उनकी स्थिति क्या है, यह उनका अपना फैसला है। उनका रुख इस मुद्दे की कानूनी वैधता को लेकर है।''

गठबंधन साथियों को लेकर क्या बोले राहुल?

कांग्रेस मुख्यालय इंडिया भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के अन्य साथियों से जुड़े सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देखिए, आप मुझसे हमारी पार्टी, हमारे सहयोगियों, डीएमके और दूसरे दलों के बारे में सवाल पूछ रहे हैं। मैं इसका जवाब दूंगा। यह लोकतंत्र के अस्तित्व और उसकी आत्मा को बचाने की लड़ाई है। इससे कम कुछ भी नहीं है। आने वाले समय में यह बिल्कुल साफ हो जाएगा कि कौन लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस तरफ खड़ा है और कौन नहीं।

'जीत हमारी ही होगी'

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे सभी सहयोगी और दूसरे लोग भी, यहां तक कि चंद्रबाबू नायडू जी और जगन रेड्डी जी जैसे नेता भी, भारत के बारे में सोचें, लोकतंत्र की रक्षा करें और इन अपराधियों के खिलाफ लड़ाई लड़ें। आखिरकार जीत हमारी ही होगी। राहुल गांधी ने कहा, '' देखिए, चाहे ये वोट चोरी करें या परिसीमन करें, मेरी बात याद रखिए, ये कुछ भी कर लें, एक न एक दिन इन्हें हारना ही है। और जितना ये अपनी हार को टालेंगे, उतनी ही बड़ी मुश्किल में फंसेंगे, क्योंकि लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।''

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, मोदी जी को यह बात समझ नहीं आ रही है। वे अपने कमरे में बैठे हैं, उनके चारों तरफ नौकरशाह और चापलूस लोग हैं, जो उन्हें असलियत समझने नहीं दे रहे हैं। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि देश में उनके खिलाफ कितना गुस्सा पनप रहा है। यह बहुत बड़ा गुस्सा है। मुझे यह दिखाई दे रहा है। लोग मुझे रास्ते में रोकते हैं और अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं। वे क्या कहते हैं, यह मैं आपको बता नहीं सकता, लेकिन वे बेहद गुस्से में अपनी बात रखते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article