Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 42 वर्षीय एक वकील ने कथित तौर पर अपनी ही छोटी बहन की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी भाई को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका की पहचान 39 वर्षीय मीनाक्षी एम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी भाई का नाम जयराम एम है, जो पेशे से वकील है। यह घटना बुधवार को जुन्नासांद्रा इलाके में हुई, जहां दोनों भाई-बहन अगल-बगल के अलग-अलग घरों में रहते थे। मीनाक्षी अपनी मां और बच्चों के साथ रह रही थी, जबकि जयराम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बगल वाले घर में रहता था।
मां का घर खाली कराने को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों भाई-बहनों के बीच संपत्ति को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। आरोप है कि जयराम अपनी बहन मीनाक्षी पर मां का घर खाली कर कहीं और जाने का दबाव बना रहा था। वहीं, मीनाक्षी अपनी मां के साथ ही रहना चाहती थी, जिसके चलते उसने घर छोड़ने से साफ इनकार कर दिया था।
कहासुनी के बाद बैट से किया ताबड़तोड़ हमला
बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए जयराम ने क्रिकेट बैट उठाया और मीनाक्षी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण मीनाक्षी की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। बेलंदूर पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी जयराम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
