MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बार फिर से तीन तलाक का मामला सामने आया है। यहां मुस्लिम समाज की महिला को व्हाट्सएप के माध्यम से तीन तलाक दिया गया है। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है संबंधित मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इंदौर की रहने वाली एक महिला का निकाह 2021 में खजराना के एक व्यक्ति के साथ हुआ था। इस निकाह में दोनों परिवारों की रजामंदी भी थी। महिला का आरोप है कि निकाह के तुरंत बाद पति-पत्नी में पारिवारिक विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद पीड़ित महिला अपने मायके आकर रहने लगी। हालांकि, यहां भी पति लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा।
व्हाट्सएप पर बोला तलाक, तलाक... तलाक
महिला का आरोप है कि उसके पति ने व्हाट्सएप पर एक वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें उसने तीन तलाक दे दिया। पूरे मामले में महिला ने मुस्लिम महिला अधिनियम 2019 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस खजराना में रहने वाले महिला के शौहर की तलाश में जुटी हुई है। बता दें, इंदौर में तीन तलाक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। इंदौर डीसीपी आर के सिंह का कहना है कि महिला को व्हाट्सएप के माध्यम से तीन तलाक दिया गया है। मामले में कानून के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
