केरल में फिल्मी अंदाज में एक हत्या का मामले सामने आया है। बीजेपी के एक कार्यकर्ता की लाश उसके ही दोस्त के यहां जमीन के नीचे दफन मिली है। जहां लाश को दफन किया गया था, वहां प्लास्टर कर दिया गया था। ताकि लाश का पता न चल सके।
पुलिस ने बताया कि केरल के कोट्टायम जिले में एक लापता भाजपा कार्यकर्ता का शव एक घर के फर्श के नीचे से बरामद किया गया। 43 वर्षीय बिंदु कुमार 26 सितंबर से लापता थे। उनके परिवार ने 28 सितंबर को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करा कर उन्हें खोजने की गुहार लगाई थी।
शुरूआत में आशंका हुई कि कहीं बिंदु कुमार भी तो राजनीतिक हिंसा का शिकार नहीं हो गए हैं। क्योंकि पहले ऐसी घटना सामने आ चुकी है और बीजेपी इसके लिए सीपीआई(एम) के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराती रही है, लेकिन जब इस मामले का खुलासा हुआ तो सारा खेल सामने आ गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बिंदू कुमार को खोजना शुरू किया, करीबियों से पूछताछ की, कुछ पता नहीं चला। फिर तकनीक का सहारा लिया गया। पुलिस ने बिंदु कुमार के फोन का लास्ट लोकेशन निकलवाया। पता चला कि मोबाइल का लास्ट लोकेशन केरल के चंगनास्सेरी में एक कॉलोनी के पास का है।
पुलिस जब यहां पहुंची और खोजबीन शुरू की तो पता चला कि इस इलाके में बिंदु कुमार का एक दोस्त रहता है। पुलिस वहां पहुंची, पूछताछ की, दोस्त ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद पुलिस घर की तलाशी लेने लगी। तलाशी में भी कुछ नहीं मिला, लेकिन घर में सिर्फ एक जगह प्लास्टर नया जैसे दिखा। पुलिस को शक हुआ और खुदाई शुरू कर दी। लगभग छह घंटे की खुदाई के बाद बिंदु कुमार का शव जमीन में गड़ा मिला।
