क्राइम

मथुरा के चूहे निकले गंजेड़ी...खा गए 581 किलो गांजा; 'बेबस' पुलिस ने कोर्ट में बयां किया दर्द

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 24, 2022, 08:43 PM IST

कोर्ट को जब यूपी पुलिस ने बताया कि 581 किलो गांजा चूहे खा गए हैं तो अदालत को भी आश्चर्य हुआ। पहले तो किसी को विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा हो सकता है। इसके बाद कोर्ट ने इससे संबंधित सबूत पुलिस से मांग लिए। जिसे 26 नवंबर तक पेश करने के लिए कहा गया है।

Image

चूहे खा गए 581 किलो गांजा (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

बिहार के शराबी चूहों के बाद अब मथुरा के चूहे गंजेड़ी हो गए हैं। ये हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि यूपी पुलिस कह रही है, वो भी कोर्ट में। अगर पुलिस के दावों को सच मानें तो ये चूहे एक-दो किलो नहीं बल्कि पूरे 581 किलो गांजा खा गए हैं।

क्या है मामला

दरअसल 2018-2019 में मथुरा पुलिस ने गांजे की दो खेप बरामद की थी। पहले खेप में 386 किलो और दूसरे खेप में 195 किलो खेप की बरामदगी की गई थी। दोनों खेपों को पुलिस ने मालखाने में जमा करा दिया। पुलिस ने इस मामले में एक मोटरवे पर छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया था। तस्करों पर अब मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य नशीले पदार्थों के कानूनों के तहत मुकदमा चल रहा है।

जब कोर्ट ने मंगवा लिया गांजा

इसी मामले की सुनवाई के दौरान आरोपियों की तरफ से बरामद गांजे को लेकर सवाल उठा और कोर्ट ने पुलिस से गांजे की बरामदगी को लेकर सबूत मांग लिया। कोर्ट ने दोनों थानों से कहा कि सीलबंद मुहर के साथ गांजे के पैकेटों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत करे।

दर्द-ए-बेबसी

इसके बाद मथुरा पुलिस कोर्ट पहुंची और अपना दर्द सुनाने लगी। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मालखाने में जमा किए गए 581 किलो गांजे को चूहे खा गए हैं। कुछ बचे हुए गांजे नष्ट हो गए हैं। रिपोर्ट में पुलिस ने बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि मालखाने में कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां जब्त सामान को चूहों से बचाया जा सके।

कोर्ट ने मांगा सबूत

पुलिस की इस दलील से कोर्ट भी हैरान रह गया। कोर्ट ने इस घटना को लेकर अगली सुनवाई में पुलिस से सबूत जमा करने को कहा है। इस मामले की सुनवाई 26 नवंबर को होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article