Jalgaon Serial Killer: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है जो शादीशुदा महिलाओं को अपना शिकार बना रहा था। आरोपी की पहचान अनिल सदाशिव के रूप में हुई है, जिसने एक महीने के भीतर दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव जंगल में फेंक दिए।
शादीशुदा महिलाओं को बनाता था शिकार
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपी अनिल पहले महिलाओं से नजदीकी बढ़ाता था। वह उन्हें भरोसे में लेने के लिए प्यार भरी बातें करता और नजदीकी रिश्ते बना लेता। जब महिलाएं पूरी तरह उसके जाल में फंस जातीं, तब वह उन्हें किसी सुनसान जंगल या पहाड़ी इलाके में ले जाकर लूटपाट करता, बलात्कार करता और फिर पत्थर से कुचल कर उनकी हत्या कर देता।
ऐसे खुला राज
आरोपी की दरिंदगी का सिलसिला तब टूटा, जब उसकी पकड़ से एक महिला, जिसे उसने फंसा लिया था, किसी तरह उसके हमले से बचकर भागने में सफल रही। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अनिल को धर दबोचा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो महिलाओं की कर चुका है हत्या
अब तक की जांच में एक महीने में ही दो महिलाओं की हत्या की है। पुलिस अब उन इलाकों में तलाशी कर रही है जहां उसने शवों को छिपाया था। तलाशी अभियान जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने दो से अधिक महिलाओं की हत्या तो नहीं की। साथ ही अब इस सनकी हत्यारे के अपराध के इतिहास की गहराई से जांच कर रही है।
