Malviya Nagar Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली में नरगिस हत्याकांड की असल कहानी प्यार, बेरोजगार और इन्कार के रास्ते होते हुए मौसेरे भाई के वार तक आई। हत्याकांड के बाद मृतका के पिता और परिवार अपने आंसुओं को संभाल न सके। शुक्रवार (28 जुलाई, 2023) को वे मीडिया के सामने जज्बाती होते हुए अपना दर्द बयान करने लगे। पिता ने कहा- हमें अब दोषी की मौत चाहिए...मेरी एक ही औलाद थी। एक ही लड़की थी। लड़की का बदला चाहिए और अब मैं उसके लिए कुछ भी कर सकता हूं। मैं इरफान को छोड़ूंगा नहीं, फिर चाहे कुछ भी हो जाए।
इस बीच, साउथ दिल्ली की डीसीपी चंदन चौधरी ने इस मामले की कई परतें खोलीं और समाचार एजेंसी एएनआई को बताया- यह लव एंगल (प्यार) और फिर शादी के लिए इन्कार से जुड़ा मसला है। लड़का (28) उस लड़की (22) का मौसेरा भाई लगता है। वह कमला नेहरू कॉलेज से हिंदी (ऑनर्स) की छात्रा थी। उसने इसी साल ग्रैजुएशन किया था। वह स्टेनो की कोचिंग कर रही थी। लड़की और उसके घर वालों ने इस लड़के को शादी के लिए मना कर दिया।
वह आगे बोलीं- चूकिं, लड़का बेरोजगार था, लिहाजा परिवार वालों ने कहा कि लड़की अच्छी पढ़ाई कर रही है, लिहाजा वे लोग उसकी अच्छी जगह शादी करेंगे। यही वजह रही कि लड़की ने बात करना बंद कर दिया और वह इस बात से आहत हुआ और वह दिमागी तौर पर हिल गया था। उसके दिमाग में खुन्नस थी और यह पूरी चीजें उसके दिमाग में दो-तीन रोज से चल रही थीं।
पुलिस के अनुसार, लड़के (डिलीवरी बॉय का काम करने वाले) को पता था कि वह कोचिंग आती है, लिहाजा वह उसका पीछा कर रहा था। वह उसे जानती थी और इसलिए उसके कहने पर वह रुक भी गई। पांच मिनट बात करने का बहाना बनाकर उसने उसे रोका था, पर उसे यह अंदेशा नहीं था कि लड़का हमला कर देगा। लड़की का परिवार यूपी से है, पर पिछले 30 साल से दिल्ली के संगम विहार में रह रहा था, जबकि लड़के की फैमिली यूपी के औरेया से है, पर वह अकेला संगम विहार में रहता है।
दरअसल, मालवीय नगर में शादी का प्रस्ताव ठुकराने से क्षुब्ध इरफान ने लड़की की लोहे की छड़ से पीटकर हत्या कर दी। वह जब इरफान के साथ डीयू के अरबिंदो कॉलेज के पास पार्क में थी तब आरोपी ने उस पर हमला कर दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और केंद्रीय गृह मंत्री तथा उपराज्यपाल से सख्त कदम उठाने का अनुरोध किया। (पीटीआई-भाषा और एएनआई इनपुट्स के साथ)
