Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई है। दरअसल अपने दोस्त के साथ पुराना चाईबासा हवाई पट्टी घूमने गई एक 26 साल की आदिवासी लड़की का दस युवकों ने गैंगरेप (Gang Rape) किया। घटना गुरुवार देर शाम की है। नाजुक हालत में युवती का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है।
चाईबासा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर लड़की का गैंगरेप
पीड़ित लड़की पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और फिलहाल वर्क फ्रॉम होम पर है। पीड़िता झींकपानी की रहने वाली है और वह चाईबासा के मुफ्फसिल थानांतर्गत कमारहातु में किराए के मकान में रह रही है। घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। लड़की अपने दोस्त के साथ गुरुवार शाम स्कूटी से घूमने के लिए टेकराहातु हवाई पट्टी गई थी, जहां 8-10 लड़कों ने उसके दोस्त को डरा-धमकाकर भगा दिया और लड़की को दूर सुनसान झाड़ियों में ले जाकर उसका गैंगरेप किया।
पीड़िता की स्थिति गंभीर होने पर सभी लड़के उसे वहां छोड़कर भाग गए। पीड़िता किसी तरह वहां से अपने घर आई और परिजनों को आपबीती सुनाई। वहीं रात को गैंगरेप की खबर जब पुलिस को मिली तो सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलको और मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन पाठक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में जुट गए। इस मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर आसपास के गांव से कुछ लड़कों को उठाकर थाना ले गई है, जहां सभी से पूछताछ चल रही है।
पुलिस ने 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला किया दर्ज
वहीं पीड़ित लड़की को सदर अस्पताल में पुलिस की निगरानी में रखा गया है और किसी से बात करने नहीं दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया है कि शक के आधार पर कुछ लड़कों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे अभी पूछताछ की जा रही है। थाने में दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया है कि वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी से घूमने के लिए हवाई अड्डा शाम लगभग 5.30 बजे गई थी। इस दौरान वह स्कूटी खड़ी कर दोस्त से बात रही थी कि अंधेरा होने पर वहां 10 युवक आए और उसके साथ मारपीट कर सुनसान जगह पर ले गए और गैंगरेप किया।
साथ ही पीड़िता ने कहा कि युवकों ने उससे और उसके दोस्त से मोबाइल और पांच हजार रुपए भी छीन लिए। युवती के बयान पर 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
