भारतीय नौसेना ने गुजरात के नजदीक समुद्र में एक बहुत बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है। एनसीबी के साथ दिए गए इस संयुक्त ऑपरेशन में अबतक का सबसे बड़ी ड्रग्स की खेप पकड़ी गई है। इसके साथ ही पांच विदेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस खेप का कनेक्शन पाकिस्तान और ईरान से सामने आ रहा है।
3300 किलोग्राम ड्रग्स बरामद
गुजरात के आतंकवादी रोधी दस्ते ने भारतीय नौसेना और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के साथ संयुक्त अभियान में मंगलवार को राज्य के तटीय क्षेत्र में एक ईरानी नौका को रोका और उसके चालक दल के 5 सदस्यों को हिरासत में लिया जो ये ड्रग्स ले जा रहे थे। नौसेना की ओर से मिली जानकारी के अनुसार समुद्र में एक सफल ज्वाइंट ऑपरेशन में, भारतीय नौसेना ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मिलकर लगभग 3300 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ (3089 किलोग्राम चरस, 158 किलोग्राम मेथमफेटामाइन 25 किलोग्राम मॉर्फिन) ले जा रहे एक संदिग्ध नाव को पकड़ा।
अमित शाह ने दी जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), नौसेना और गुजरात पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में 3,132 किलोग्राम मादक पदार्थ की एक बड़ी खेप को जब्त करने में सफलता प्राप्त की। शाह ने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता देश को मादक पदार्थ मुक्त बनाने की दिशा में मोदी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
कैसे पकड़ाई ड्रग्स की यह खेप
नौसेना के निगरानी मिशन पर तैनात P8I LRMR विमान से इस नाव के बारे में इनपुट मिली थी। जिसके आधार पर, IN मिशन पर तैनात जहाज को तस्करी में लगे संदिग्ध नाव को रोकने के लिए डायवर्ट किया गया था। पकड़ी गई नाव और चालक दल के साथ प्रतिबंधित सामग्री को भारतीय बंदरगाह पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
पाकिस्तान ईरान कनेक्शन
पकड़ी नाव पर मौजूद ड्रग्स को ईरान से लाया जा रहा है। इस नाव के पकड़े गए 5 क्रू मेंबर के पाकिस्तानी नागरिक होने की आशंका है। इसकी जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
