निक्की यादव ने साहिल गहलोत में प्यार, सहारा और उम्मीद देखी थी। लेकिन उसे क्या पता था कि जिसे वो हमसफर समझ रही थी वो उसका कातिल बन जाएगा। निक्की यादव अब इस दुनिया में नहीं है, अब सिर्फ उसकी यादें हैं। इन सबके बीच साहिल गहलोत ने बताया कि उसने कब, कहां निक्की को मौत के घाट उतार दिया। सूत्रों के मुताबिक साहिल ने अपने जुर्म को कबूल कर लिया है। साहिल का कहना है कि 9 फरवरी की रात कई घंटों तक वो इधर उधर घुमते रहे। 10 फरवरी, सुबह साढ़े आठ से 9 के बीच दिल्ली के निगमबोध के घाट पार्किंग लॉट में निक्की को मार डाला।
ताकि ना मिले सबूत
सूत्रों के मुताबिक आरोपी साहिल ने निक्की के साथ अपने सभी व्हाट्सऐप चैट को डिलीट कर दिया ताकि किसी तरह का सबूत ना रहे। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच उत्तमनगर, निजामुद्दीन और कश्मीरी गेट तक लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने निक्की के पड़ोसियों से भी पूछताछ की है। बता दें कि निक्की यादव उत्तम नगर में परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
10 फरवरी को साहिल ने दूसरी लड़की से की शादी
साहिल गहलोत के बारे में जो जानकारी अब तक सामने आई है उसके मुताबिक 10 फरवरी की सुबह उसने अपनी प्रेमिका निक्की की हत्या की और 10 फरवरी को ही दूसरी लड़की के साथ रीति रिवाज से शादी की। वहीं 10 फरवरी से लेकर 12 फरवरी कर निक्की के बारे में जब जानकारी नहीं मिली तो परिवार वाले परेशान हुए और निक्की के दोस्तों से पूछताछ किया। निक्की के दोस्तों ने साहिल का नंबर दिया। लेकिन साहिल लगातार गुमराह करता था। पुलिस को निक्की के परिवार वालों ने साहिल के बारे में जानकारी दी उसके बाद वो दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया।
दो परिवार हुए तबाह
इससे इतर साहिल ने जिस लड़की से शादी की है उसके परिवार में मातम है। लड़की के पिता इस दुनिया में नहीं हैं और मां ने ही पालनपोषण किया था। इस घटना के बाद उस परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 14 तारीख को पता चला कि साहिल ने एक लड़की की हत्या की। इस बीच निक्की के परिवार की मांग है कि साहिल को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
