पति-पत्नी के बीच का रिश्ता आपकी विश्वास और सम्मान का रिश्ता होता है। लेकिन हाल के दिनों में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे इस विश्वास और सम्मान के रिश्ते को काफी ठेस पहुंची है। कहीं पर पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार देती है तो कहीं पर पति अपनी पत्नी की जान ले लेता है। ऐसा ही एक मामला बिहार के बांका जिले में सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की जान ले ली।
बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के अमजोरा गांव में एक पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी शिवचरण दास ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके शव को गांव के किनारे नदी के पास बालू में गाड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को इस संबंध में सूचित किया। थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बालू से बरामद किया। पुलिस ने बताया कि यह शिवचरण दास की दूसरी शादी थी, और उसने अपनी पहली पत्नी की भी हत्या की थी।
इस मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। यह घटना न सिर्फ स्थानीय समुदाय को झकझोर देने वाली है, बल्कि यह घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की गंभीरता को भी उजागर करती है।
