क्राइम

झारखंड में पहले महिला सिर मुंडा फिर जुतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया, आरोप लगा- घरों में चोरी की थी

झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र से एक अमानवीय घटना सामने आई है। जामताड़ा पंचायत के पिपराली गांव में कुछ लोगों ने चोरी के आरोप में एक महिला के साथ मारपीट की और उसके बाल काट दिए। यही नहीं, उसे जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।

Image

महिला पर चोरी का आरोप लगा सिर मुंडा (AI Photo- Meta)

झारखंड के गिरिडीह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद अमानवीय घटना सामने आई है। जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के पिपराली गांव (जामताड़ा पंचायत) में गांव के कुछ लोगों ने चोरी के संदेह में एक महिला के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसे जलील करने के लिए जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, महिला के बाल भी जबरन काट दिए गए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने बना लिया और उसे व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही मामला तूल पकड़ने लगा और लोग इसे अमानवीय करार देते हुए सोशल मीडिया पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

चोरी के आरोप में भीड़ का "न्याय"

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला पर आरोप लगाया गया था कि उसने गांव के कुछ घरों से सामान चुराया है। इसी संदेह के आधार पर गांव के कुछ लोग हिंसक हो उठे और उन्होंने कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिला को पकड़कर मारना शुरू कर दिया। इसके बाद भीड़ ने न सिर्फ उसके बाल काटे, बल्कि उसे जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया — एक ऐसी शर्मनाक कार्रवाई जिसने भीड़ की मानसिकता और सामाजिक सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी जब स्थानीय मुखिया तक पहुंची, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया। डुमरी थाना पुलिस तुरंत गांव पहुंची और पीड़िता को थाने लाया गया। पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

अब तक तीन महिलाएं हिरासत में

पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह की भीड़तंत्र की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article