क्राइम

खाटू श्याम से लेकर हरिद्वार तक जब मर्डर का प्लान हो गया फेल तो बर्थडे पार्टी में दिया मार, गाजियाबाद में युवक की बेरहमी से हत्या

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक युवक की हत्या हो गई है। दोस्तों ने ही चाकूओं से गोदकर युवक की जान ले ली है।

Image

क्रसिंग रिपब्लिक में युवक की हत्या

Ghaziabad Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के न्यू शांतिनगर इलाके में रहने वाले 22 वर्षीय मोहित नाम के युवक की हत्या उसके ही दोस्तों ने कर दी है। हत्यारे पहले भी दो बार प्लान बना चुके थे, लेकिन तब हत्या का प्लान फेल हो गया था। परिजनों का आरोप है कि मोहित को एक सोची-समझी साजिश के तहत बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया गया और फिर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

रात ढाई बजे उतारा मौत के घाट

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीती रात मोहित के दोस्त उसे जन्मदिन की पार्टी के नाम पर घर से बुलाकर ले गए थे। पार्टी के दौरान मोहित का उसके दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोस्तों ने मिलकर मोहित पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रात करीब ढाई बजे चाकुओं से गोदकर मोहित की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

'पहले भी फेल हो चुका था मर्डर का प्लान'

मृतक मोहित के परिवार ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। परिजनों का कहना है कि यह अचानक हुआ विवाद नहीं, बल्कि एक सोची-समझी प्लानिंग थी। परिजनों के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले भी मोहित का इन लड़कों के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ था, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। समझौते के बाद वे सभी लोग खाटू श्याम और हरिद्वार घूमने गए थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने वहीं पर मोहित के मर्डर का प्लान बनाया था, लेकिन किसी वजह से वे वहां कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने बर्थडे पार्टी का जाल बिछाया।

3 आरोपी पुलिस कस्टडी में

घटना की सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले से जुड़े 3 मुख्य संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की असल वजह और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article